नागपुर MLC Election में पराजय पर Chandrashekhar Bawankule बोले- महायुति सहयोगियों की भूमिका की होगी समीक्षा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

महाराष्ट्र के मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मिली पराजय की व्यक्तिगत जिम्मेदारी ली है। उन्होंने बताया कि पार्टी चुनाव नतीजों को स्वीकार करते हुए हार के कारणों का आत्ममंथन करेगी। इसके अलावा गठबंधन में किस सहयोगी दल ने प्रत्याशियों के लिए काम नहीं किया, इसकी भी पड़ताल की जाएगी।

महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता चंद्रशेखर बावनकुले ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी पार्टी हाल में हुए विधान परिषद चुनाव में नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मिली हार पर आत्ममंथन करेगी और इस बात की समीक्षा करेगी कि महायुति गठबंधन के किस सहयोगी दल ने उम्मीदवारों के लिए काम नहीं किया। बावनकुले ने कहा कि भाजपा ने नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और पुणे की सीटों को काफी महत्व दिया था और इन्हें जीतने के लिए व्यापक योजना बनाई थी। उन्होंने कहा कि पार्टी ने चुनाव परिणामों को स्वीकार कर लिया है।

नागपुर सीट के प्रभारी के रूप में हार की व्यक्तिगत जिम्मेदारी लेते हुए बावनकुले ने कहा, हमने कड़ी मेहनत की थी तथा हमारी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं से मुलाकात की थी। हालांकि, ऐसा लगता है कि कहीं न कहीं कुछ कमियां रह गईं। हम हार के कारणों को समझने के लिए आत्ममंथन करेंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़