Punjab में Akali Dal और BJP का छह साल बाद फिर गठबंधन, ढिल्लों ने बताया ऐतिहासिक

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

शिरोमणि अकाली दल और भाजपा ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए छह साल बाद फिर से हाथ मिला लिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में इसकी घोषणा करते हुए कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री पद शिअद के पास रहेगा। पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने इस फैसले को शांति और सद्भाव की गारंटी बताया।

भाजपा की पंजाब इकाई के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के साथ मंगलवार को फिर से हुए गठबंधन को राज्य के भविष्य, उसकी शांति तथा समृद्धि के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। भाजपा और शिअद ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अपने गठबंधन की मंगलवार को घोषणा की। इस तरह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के दो सबसे पुराने सहयोगी दल छह साल बाद फिर एक साथ आ गए हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में गठबंधन की घोषणा करते हुए साफ किया कि मुख्यमंत्री पद अकाली दल के खाते में जाएगा और वह गठबंधन में बड़े भाई की भूमिका निभाएगा। ढिल्लों ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन की घोषणा पंजाब के भविष्य, शांति और समृद्धि के लिए ऐतिहासिक कदम है।’’ उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर गठबंधन की घोषणा भी पंजाब के सांप्रदायिक सद्भाव को और मजबूत करने को दर्शाती है। भाजपा नेता ने कहा कि पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के बदलाव के झूठे वादे की वजह से पंजाब आज मादक पदार्थों, अपराध, जबरन वसूली और बेरोजगारी से जूझ रहा है।

प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़, जो दोनों दलों के फिर से एक साथ आने के पक्ष में थे, ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा-शिअद गठबंधन कोई राजनीतिक गठजोड़ नहीं है। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘यह हिंदू और सिख भाईचारे, पंजाब की सांप्रदायिक सद्भावना, पंजाब में शांति और सुकून की गारंटी है। पंजाब को नशामुक्त करने का अभियान और पंजाब की तरक्की को नयी ऊंचाइयों तक ले जाने वाला गठबंधन है।

यह सभी पंजाबियों का गठबंधन है।’’ इस बीच, बाद में एक बयान में ढिल्लों ने कहा कि भाजपा और शिअद के बीच का रिश्ता सांप्रदायिक सद्भाव, आपसी भरोसे और भाईचारे पर आधारित रहा है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़