तिरहुत शिक्षक सीट पर BJP प्रत्याशी नरेंद्र प्रसाद सिंह 594 मतों से विजयी

तिरहुत शिक्षक सीट पर BJP प्रत्याशी नरेंद्र प्रसाद सिंह 594 मतों से विजयी
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

बिहार विधान परिषद के तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र प्रसाद सिंह ने निर्दलीय उम्मीदवार भूषण कुमार झा को 594 वोटों के अंतर से शिकस्त दी। सिंह को कुल 2,945 मत हासिल हुए, जबकि झा 2,351 वोट ही जुटा सके। इस जीत के साथ नरेंद्र प्रसाद सिंह की विधान परिषद में दोबारा वापसी हो गई है।

बिहार विधान परिषद के तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार नरेंद्र प्रसाद सिंह ने मंगलवार को जीत दर्ज की। अधिकारियों ने बताया कि सिंह ने निर्दलीय प्रत्याशी भूषण कुमार झा को 594 मतों के अंतर से हराया। अधिकारियों के अनुसार, सिंह को 2,945 वोट मिले, जबकि झा को 2,351 मतों से संतोष करना पड़ा।

इस जीत के साथ विधान परिषद में सिंह की वापसी होगी। वह पिछले चुनाव में तीसरे स्थान पर रहे थे। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) समर्थित उम्मीदवार और तीन बार के विधान परिषद सदस्य संजय कुमार सिंह इस चुनाव में प्रमुख दावेदार के रूप में उभरने में नाकाम रहे।

नरेंद्र प्रसाद सिंह की जीत की खबर मिलते ही राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) खेमे में जश्न शुरू हो गया और समर्थकों ने एक-दूसरे को बधाई दी। मतगणना के दौरान मुकाबला काफी करीबी रहा। भाकपा समर्थित उम्मीदवार डॉ. संजय कुमार सिंह के मजबूत दावेदारी पेश करने में विफल रहने के बाद मुख्य मुकाबला नरेंद्र प्रसाद सिंह और निर्दलीय उम्मीदवार भूषण कुमार झा के बीच सिमट गया।

दोनों के बीच मतगणना के दौरान कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन अंततः सिंह ने 594 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। जीत के बाद सिंह ने कहा कि यह जीत राजग और उसके कार्यकर्ताओं की है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय गठबंधन के कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और समर्थन को दिया।

तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव परिणाम को क्षेत्र के राजनीतिक परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिणाम की औपचारिक घोषणा और निर्वाचन प्रमाणपत्र जारी किए जाने की उम्मीद है। वहीं, भाजपा से निष्कासित और निर्दलीय उम्मीदवार राहुल राज सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से लगभग चुनाव जीत चुके हैं हालांकि इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

उन्होंने राजग के उम्मीदवार चयन के खिलाफ बगावत की थी, जिसके बाद भाजपा ने उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया था। अधिकारियों के अनुसार, तीसरे दौर की मतगणना समाप्त होने के बाद भी राहुल राज अपनी बढ़त बनाए हुए हैं। खबर के लिखे जाने तक दरभंगा स्नातक सीट पर पहले दौर की मतगणना के बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद)समर्थित उम्मीदवार अनिल झा आगे चल रहे थे जबकि, दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के सुरेश राय कांग्रेस के मदन मोहन झा से काफी आगे हैं।

अधिकारी ने बताया कि पटना की दो सीट के लिए मतगणना बांकीपुर राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में जारी है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़