Bihar विधान परिषद चुनाव: पटना शिक्षक सीट पर RJD की जीत, 30 साल बाद BJP हारी

Bihar विधान परिषद चुनाव: पटना शिक्षक सीट पर RJD की जीत, 30 साल बाद BJP हारी
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

बिहार विधान परिषद की चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के परिणाम जारी कर दिए गए हैं, जिसमें पटना सीट पर राजद प्रत्याशी ने विजय हासिल की। इस नतीजे के साथ ही राजधानी की शिक्षक सीट पर भाजपा का तीन दशकों से चला आ रहा कब्जा खत्म हो गया। तिरहुत से भाजपा, सारण से निर्दलीय और दरभंगा शिक्षक सीट से जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी जीते हैं।

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए हुए चुनाव में चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के डॉ. संजीव कुमार ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवल किशोर को 1,057 मतों से हराया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

इस हार के साथ पटना शिक्षक सीट पर भाजपा का करीब 30 साल पुराना वर्चस्व समाप्त हो गया। तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के नरेंद्र प्रसाद सिंह ने जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय उम्मीदवार भूषण कुमार झा को 594 मतों से पराजित किया।

सिंह को 2,945, जबकि झा को 2,351 मत मिले। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के बागी और निर्दलीय उम्मीदवार राहुल राज ने दूसरी वरीयता के मतों की गिनती के बाद जीत हासिल की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 1,815 मतों से हराया।

दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार सुरेश प्रसाद राय ने जीत दर्ज की। वहीं, चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में मतगणना बुधवार को भी जारी है। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जनता दल (यूनाइटेड) के उम्मीदवार नीरज कुमार चुनाव जीत गए हैं।

अनंत सिंह समर्थित जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह तीसरे स्थान पर हैं। तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सातवें दौर की मतगणना के बाद निर्दलीय उम्मीदवार वंशीधर ब्रजवासी ने अपनी बढ़त बरकरार रखी। दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में दूसरे दौर की मतगणना तक भाजपा उम्मीदवार सर्वेश कुमार बढ़त बनाए हुए है।

पहले दौर में उन्हें 1,884 मत मिले थे, जबकि राजद के अनिल कुमार झा को 1,647, कांग्रेस के रजनीकांत पाठक को 414 और जन सुराज पार्टी के मोहम्मद इम्तियाज को 935 मत प्राप्त हुए। दूसरे दौर की गिनती के बाद सर्वेश कुमार को कुल 3,695 मत मिले, जबकि अनिल कुमार झा को 3,220, रजनीकांत पाठक को 826 और मोहम्मद इम्तियाज को 1,819 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार, दूसरे दौर की मतगणना के बाद भी भाजपा उम्मीदवार सर्वेश कुमार बढ़त बनाए हुए हैं।

अभी तक दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के अंतिम परिणाम की घोषणा नहीं हुई है। बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। इनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं।

मतगणना 27 अक्टूबर को शुरू हुई थी और कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में परिणाम घोषित होने के बाद भी गिनती जारी रही।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़