Bhadohi में MEMU Train पर पथराव करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिग भी पकड़े गए

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

वाराणसी से प्रयागराज जा रही पैसेंजर गाड़ी पर 28 अगस्त को अहिमनपुर रेलवे पड़ाव के पास पथराव की घटना के बाद रेलवे पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के जरिए पहचान कर आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने औराई इलाके से चार युवकों को पकड़ा और दो नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया। इस घटना में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ और पकड़े गए लोगों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया जारी है।

वाराणसी से प्रयागराज जा रही एक मेमू ट्रेन पर पथराव के आरोप में रेलवे पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया और दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त को अहिमनपुर रेलवे पड़ाव पर कुछ लोगों ने ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों से विवाद के बाद रेल लाइन की गिट्टियों से पथराव किया और भाग गए थे।

इस दौरान किसी यात्री ने मोबाइल से वीडियो बना लिया था, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। प्रयागराज में रामबाग के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के प्रभारी निरीक्षक दया शंकर यादव ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर पथराव करने वालों की पहचान की गई। उन्होंने बताया कि शनिवार देर शाम आरपीएफ और ज्ञानपुर रोड राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) चौकी प्रभारी आनंद कुमार की टीम ने अहिमनपुर स्टेशन के आसपास से आरोपियों की पहचान की।

उन्होंने बताया कि पथराव करने वालों में कृष्ण कुमार यादव उर्फ कृष्णा, अभिषेक प्रजापति, आदर्श प्रजापति, आदित्य गुप्ता (चारों की उम्र 18 से 20 साल) और दो नाबालिग शामिल हैं। सभी भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है।

यादव ने बताया कि पथराव में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन घटना से कुछ देर तक अफरातफरी का माहौल रहा और यात्रियों में दहशत फैल गई। सभी आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़