UAPA मामला: जम्मू-कश्मीर के बारामूला में कई स्थानों पर पुलिस की छापेमारी, मोबाइल और लैपटॉप जब्त

baramulla police
AI Image
PTI । Jul 9 2026 10:15AM

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने विधिविरुद्ध क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम (यूएपीए) के तहत दर्ज एक मामले की जांच के सिलसिले में बारामूला जिले में कई स्थानों पर छापेमारी की है। इस कार्रवाई के दौरान चार लोगों के घरों से चार मोबाइल फोन और एक लैपटॉप जब्त किया गया।

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर पुलिस ने विधिविरुद्ध क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम (यूएपीए) के तहत दर्ज एक मामले की जांच के सिलसिले में बृहस्पतिवार को बारामूला जिले के कई स्थानों पर छापेमारी की।

पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि यह कार्रवाई बारामूला थाने में यूएपीए की धारा 13 (गैरकानूनी गतिविधियां) और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(3) (गंभीर आपराधिक धमकी) के तहत दर्ज मामले की जांच के तहत की गई।

उन्होंने बताया कि इकबाल कॉलोनी निवासी फराज अशरफ गोजरी, कनली बाग निवासी वसीम अली कार, तौहीद गंज निवासी तनवीर अहमद मीर उर्फ काका मीर और ख्वाजाबाग जेटी निवासी वसीम हुसैन मीर के आवासों पर छापेमारी की गई। तनवीर मीर वर्तमान में आजाद गंज के गुलनार पार्क में रह रहा है।

प्रवक्ता के अनुसार, छापेमारी के दौरान चार मोबाइल फोन और एक लैपटॉप जब्त किया गया। इन इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को फॉरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित रख लिया गया है।

उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई कार्यकारी मजिस्ट्रेट और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में कानून के सभी प्रावधानों का पालन करते हुए की गई।

All the updates here:

अन्य न्यूज़