Ahmedabad में पूर्व सैनिक पति की हत्या के आरोप में पत्नी गिरफ्तार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

अहमदाबाद के नरोदा क्षेत्र में पारिवारिक कलह के दौरान एक महिला ने अपने पूर्व फौजी पति के सीने में रसोई का चाकू घोंप दिया। वारदात में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने फुटेज के जरिए आरोपी को हिरासत में लिया।

अहमदाबाद, आठ नवंबर गुजरात के अहमदाबाद के नरोदा इलाके में घरेलू विवाद के बाद 34 वर्षीय एक महिला ने अपने पूर्व सैन्यकर्मी पति की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी निर्मला खराडी ने बृहस्पतिवार देर रात रसोई में इस्तेमाल होने वाले चाकू से अपने 39 वर्षीय पति दिलीप पर हमला किया और उनकी छाती में चाकू घोंप दिया।

उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल दिलीप की मौके पर ही मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि दंपति के दो बच्चे हैं और घरेलू मामलों को लेकर उनके बीच विवाद हुआ था, जो बाद में हिंसक हो गया। नरोदा के निरीक्षक बी एम कटारिया ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और खुफिया सूचनाओं के आधार पर निर्मला को वारदात के कुछ ही घंटों के भीतर शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 103(1) (हत्या) और गुजरात पुलिस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया गया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़