US Central Command ने ओमान की खाड़ी में सेंट किट्स का पोत किया निष्क्रिय

अमेरिकी सेना ने शनिवार देर रात कार्रवाई करते हुए ईरान के बंदरगाह से निकले एक संदिग्ध जहाज को निष्क्रिय कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि बार-बार चेतावनी के बाद भी चालक दल ने निर्देशों का पालन नहीं किया था।
यरुशलम, आठ नवंबर (एपी) अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने शनिवार देर रात कहा कि उसने सेंट किट्स के झंडे वाले एक जहाज को निष्क्रिय कर दिया है। कमांड ने दावा किया कि कई बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद जहाज ने निर्देशों का पालन नहीं किया और ईरान के एक बंदरगाह पर रुकने के बाद क्षेत्र से बाहर निकलने की कोशिश की। अमेरिकी सेना पिछले कई महीनों से होर्मुज जलडमरूमध्य और उसके आसपास ईरान की समुद्री नाकेबंदी लागू कर रही है।
यह जलमार्ग तेल सहित अन्य वस्तुओं की समुद्री आवाजाही के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। किसी मालवाहक जहाज पर अमेरिका का आखिरी पुष्ट हमला करीब एक महीने पहले ओमान की खाड़ी में हुआ था। शनिवार को इस कार्रवाई की जानकारी ऐसे समय में सामने आई है, जब इससे पहले कम से कम दो मौकों पर अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने क्षेत्र में की गई सैन्य कार्रवाई की जानकारी सार्वजनिक नहीं की थी।
स्थानीय स्तर पर विस्फोटों की खबरों के बारे में पूछे जाने पर कमांड के अधिकारियों ने हमलों की पुष्टि करने से भी इनकार कर दिया था। ईरान के सरकारी मीडिया ने भी शनिवार शाम होर्मुज जलडमरूमध्य में स्थित केश्म द्वीप पर विस्फोटों की आवाजें सुनाई देने की खबर दी। इसके अलावा, जास्क बंदरगाह पर भी कई विस्फोट होने की सूचना दी गई।
हालांकि, इन विस्फोटों का कारण तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका। अमेरिकी सेना ने भी इस संबंध में एसोसिएटेड प्रेस (एपी) के सवाल का तत्काल जवाब नहीं दिया। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा था कि अमेरिकी सेना ने ईरान पर नए सीमित हमले किए हैं और एक ईरानी वायु रक्षा प्रणाली को निशाना बनाया है।
ट्रंप ने पत्रकारों से बातचीत में इस सैन्य कार्रवाई को मामूली बताया था। हालांकि, ट्रंप की ओर से हमलों की पुष्टि किए जाने के बाद भी अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की। पिछले कई हफ्तों से ट्रंप कह रहे हैं कि वह अमेरिका के मध्यावधि चुनावों के बाद ईरान पर हमलों का एक नया दौर शुरू करने पर विचार कर रहे हैं।
ऐसे में पश्चिम एशिया सहित दुनिया के अन्य हिस्सों में इस आशंका को लेकर तनाव बना हुआ है कि अमेरिका ईरान के खिलाफ बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान फिर शुरू कर सकता है।
अन्य न्यूज़














