Sri Lanka में वीजा खत्म होने के बाद रहने पर 21 विदेशी अरेस्ट, 3 भारतीय भी शामिल

Sri Lanka में वीजा खत्म होने के बाद रहने पर 21 विदेशी अरेस्ट, 3 भारतीय भी शामिल
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

कोलंबो के मरदाना क्षेत्र में केंद्रीय अपराध ब्यूरो ने छापेमारी कर अवैध रूप से रह रहे 21 विदेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है। पकड़े गए लोगों में 12 चीनी, 6 बांग्लादेशी और 3 भारतीय नागरिक शामिल हैं। पुलिस इन सभी आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश करेगी।

कोलंबो, तीन नवंबर श्रीलंका में वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी रहने के मामले में 21 विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें तीन भारतीय भी शामिल हैं। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि केंद्रीय अपराध ब्यूरो ने सोमवार रात कोलंबो के मध्य में स्थित मरदाना इलाके में छापेमारी कर इन विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार किए गए लोगों में चीन के 12 नागरिक शामिल हैं, जिनमें दो महिलाएं हैं। इनके अलावा छह बांग्लादेशी और तीन भारतीय नागरिक भी गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

गिरफ्तार किए गए लोगों के बारे में पुलिस ने कोई अन्य जानकारी नहीं दी। श्रीलंका के अधिकारियों ने हाल के महीनों में कई विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इनमें मुख्य रूप से चीनी नागरिक शामिल हैं, जिन पर पर्यटक वीजा पर देश में रहकर साइबर धोखाधड़ी में शामिल होने का आरोप है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़