Spain के Toledo में दो हाई-स्पीड ट्रेनों में भीषण भिड़ंत, 64 यात्रियों की मौत

स्पेन के तोलेदो प्रांत में बुधवार सुबह दो ट्रेनों के बीच हुई जोरदार टक्कर में कम से कम 64 लोगों की जान चली गई। हादसे में 80 से अधिक यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। राहत एवं बचाव कार्य में जुटी आपातकालीन टीमें मलबे से बाकी यात्रियों को निकालने का प्रयास कर रही हैं।
स्पेन के तोलेदो प्रांत में बुधवार को दो ट्रेन के बीच टक्कर हो जाने से कम से कम 64 लोगों की मौत हो गयी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इससे पहले कैस्टिला-ला मांचा के क्षेत्रीय अध्यक्ष एमिलियानो गार्सिया पेज ने कहा था कि कम से कम 80 लोग घायल हुए हैं और मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि बचावकर्मी मलबे में जीवित बचे लोगों की तलाश जारी रखे हुए हैं।
कैस्टिला ला मांचा क्षेत्र की प्रवक्ता एस्थर पाडिला ने सरकारी प्रसारक ‘टीवीई’ को बताया कि एक ही दिशा में जा रही दो तेज रफ्तार ट्रेन हादसे का शिकार हुईं, एक ट्रेन दूसरी ट्रेन के पिछले हिस्से से टकरा गई, जिससे उसके दो डिब्बे पटरी से उतर गये। उन्होंने कहा कि हादसे के कारण का पता लगाया जा रहा है। प्रवक्ता ने कहा कि राजधानी मैड्रिड से दक्षिणी-पश्चिमी शहर सेविले जा रही दोनों ट्रेन में सैकड़ों यात्री सवार थे।
स्पेन के रेल प्रणाली संचालक ‘एडीआईएफ’ ने बताया कि बुधवार की सुबह तोलेदो प्रांत में यह हादसा हुआ जिसके बाद मैड्रिड, स्यूदाद रियल और अंदालूसिया के बीच रेल सेवा रोक दी गई। स्पेन की स्वास्थ्य मंत्री मोनिका गार्सिया ने टीवीई को बताया कि आपातकालीन कर्मी सबसे अधिक क्षतिग्रस्त दो रेल डिब्बों से जीवित बचे लोगों और शवों को निकालने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि घायलों को क्षेत्र के विभिन्न अस्पतालों में भेजा जा रहा है।
इस दुर्घटना में स्पेन की सरकारी कंपनी ‘रेनफे’ और निजी रेल कंपनी ‘इर्यो’ की ट्रेनें शामिल थीं। स्पेन की मीडिया की खबरों के अनुसार, ऐसा प्रतीत होता है कि ‘रेनफे’ की ट्रेन ने ‘इर्यो’ की ट्रेन को टक्कर मारी। पाडिला ने बताया कि ‘रेनफे’ की ट्रेन में 397 यात्री और ‘इर्यो’ की ट्रेन में 147 यात्री सवार थे।
जनवरी में भी इन दोनों कंपनियों की ट्रेनों के बीच एक भीषण दुर्घटना हुई थीं। आपातकालीन सेवाओं, दमकलकर्मियों और पुलिस की मदद के लिए सेना की आपातकालीन ब्रिगेड को तैनात किया गया। एंबुलेंस और हेलीकॉप्टर सेवा घटनास्थल से घायलों को ले जाने में जुटे रहे, जबकि सुरक्षित बचे यात्रियों को बसों में बैठाकर वहां से ले जाया गया।
अन्य न्यूज़













