Egypt Train Accident: गीज़ा में दो रेलगाड़ियां टकराईं, चार यात्रियों की मौत और 88 घायल

मिस्र में काहिरा के पास गीज़ा प्रांत में दो ट्रेनों की भीषण भिड़ंत में कम से कम चार लोगों की जान चली गई। दक्षिण जा रही एक गाड़ी को दूसरी ट्रेन ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे एक बोगी पटरी से उतर गई। राष्ट्रपति अब्देल-फतह अल-सिसी ने मामले की त्वरित जांच के आदेश दिए हैं।
काहिरा, आठ नवंबर (एपी) मिस्र में रविवार को दो ट्रेनों के बीच हुई टक्कर में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और लगभग 90 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। परिवहन मंत्रालय के अनुसार, दुर्घटना राजधानी काहिरा से लगभग 52 किलोमीटर दूर गीज़ा प्रांत के अल-अय्यत जिले में हुई।
दक्षिण-पश्चिमी फयूम प्रांत की ओर जाने वाली एक ट्रेन ने दक्षिणी प्रांत असवान जा रही ट्रेन को पीछे से टक्कर मारी। मंत्रालय ने बताया कि इस दुर्घटना में एक ट्रेन पटरी से उतर गई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि दुर्घटना में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और 88 अन्य घायल हो गए तथा घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया।
राष्ट्रपति अब्देल-फतह अल-सिसी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराने के लिए दुर्घटना की त्वरित जांच का आदेश दिया है। मिस्र रेलवे प्राधिकरण ने कहा कि मलबे को हटाने और सामान्य ट्रेन सेवा को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए आपातकालीन टीम और क्रेन को घटनास्थल पर भेजा गया। सितंबर में, इसी जिले में दो मालगाड़ियों की आपस में टक्कर हो जाने पर एक ट्रेन चालक और उसका सहायक घायल हो गया था।
अन्य न्यूज़














