White House में कतर के PM से मिलेंगे Donald Trump, ईरान से तनाव के बीच अहम बैठक

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सोमवार को कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी की व्हाइट हाउस में मेजबानी करेंगे। कतर परमाणु कार्यक्रम विवाद सुलझाने के लिए अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है। दूसरी ओर तेहरान ने बातचीत से पहले नाकेबंदी और प्रतिबंध हटाने समेत कई शर्तें रखी हैं।

वाशिंगटन, नौ नवंबर (एपी) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सोमवार को ‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) में कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी से मुलाकात करेंगे। इस संबंध में जारी ट्रंप के आधिकारिक कार्यक्रम से यह जानकारी मिली। ‘एसोसिएटेड प्रेस’ (एपी) की रिपोर्ट के अनुसार ईरान, अपने परमाणु कार्यक्रम को लेकर अमेरिका के साथ मतभेद दूर करने के उद्देश्य से मुख्य मध्यस्थ कतर द्वारा पेश किए गए प्रस्तावों की समीक्षा कर रहा है।

हालांकि अधिकारियों के अनुसार ईरान, ट्रंप प्रशासन के साथ अपनी परमाणु गतिविधियों पर बातचीत करने को तब तक तैयार नहीं दिख रहा है जब तक अमेरिका उन कई प्रमुख शर्तों को स्वीकार नहीं कर लेता जिन्हें ईरान किसी भी युद्धविराम समझौते का हिस्सा बनाने की मांग कर रहा है। इन शर्तों में ईरान के बंदरगाहों पर अमेरिकी नाकेबंदी खत्म करना, प्रतिबंध हटाना, ईरान की ‘फ्रीज’ की गई संपत्ति को बहाल करना, युद्ध से हुए नुकसान के लिए मुआवजा देना और लेबनान में इजराइल के सैन्य अभियानों समेत पूरे क्षेत्र में शत्रुता को समाप्त करना शामिल हैं। विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि फिलहाल कूटनीतिक स्तर पर किसी सफलता की संभावना नहीं दिख रही है।

हालांकि, ट्रंप ने रविवार को ‘सीएनएन’ को फोन पर दिए साक्षात्कार में कहा कि अगर अमेरिका को ईरान के साथ बातचीत में प्रगति दिखती है और दोनों पक्ष एक ‘‘ठोस समझौते’’ पर हस्ताक्षर करते हैं तो हमले फिर से शुरू करने की ‘‘बहुत कम संभावना’’ होगी। हालांकि, ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका ने बुनियादी ढांचे से जुड़े कुछ लक्ष्यों की पहचान की है जिनमें 38 पुल शामिल हैं। अगर सैन्य कार्रवाई फिर शुरू होती है, तो इन ठिकानों पर हमले किए जाएंगे।

इस बीच अमेरिकी सेना ने पिछले एक हफ्ते में कम से कम दो बार ईरान पर सीमित हमले किए जिनमें ईरान की वायु रक्षा प्रणालियों को निशाना बनाना भी शामिल है। अमेरिकी सेना ने शनिवार को एक वाणिज्यिक जहाज पर गोलीबारी कर उसे निष्क्रिय भी कर दिया। अमेरिका का कहना है कि यह जहाज ईरान के बंदरगाहों पर उसकी नौसैनिक नाकेबंदी को तोड़ने की कोशिश कर रहा था।

रुबियो ने स्वीकार किया कि जरूरत पड़ने पर अमेरिका रक्षात्मक कार्रवाई करेगा। रुबियो ने कहा, ‘‘अगर इस क्षेत्र में जहाजों या हमारे सैनिकों के लिए कोई स्पष्ट और तत्काल खतरा पैदा होता है तो हमें अपनी रक्षा करने का अधिकार है।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़