संयुक्त राष्ट्र पहुंचे Donald Trump ने CNN रिपोर्टर से कहा- आपको यहां नहीं होना चाहिए था

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान सीएनएन की पत्रकार कैटलिन कॉलिन्स पर निशाना साधते हुए उनकी मौजूदगी पर सवाल उठाए। हाल ही में ट्रंप प्रशासन ने सीएनएन, एमएस नाउ और पोलिटिको के व्हाइट हाउस प्रवेश पर रोक लगा दी थी। इन मीडिया संस्थानों ने इस प्रतिबंध को असंवैधानिक बताते हुए अदालत में मुकदमा दायर किया है।
संयुक्त राष्ट्र महासभा में अहम कूटनीतिक गतिविधियों के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को इस विश्व निकाय की यात्रा की शुरुआत में प्रमुख अमेरिकी समाचार नेटवर्क ‘सीएनएन’ की प्रतिष्ठित पत्रकार कैटलिन कॉलिन्स पर निशाना साधा और उनसे कहा, ‘‘आपको यहां नहीं होना चाहिए।’’ ट्रंप मंगलवार को महासभा में अपने संबोधन से पहले संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय पहुंचे और कॉलिन्स से कहा, ‘‘मुझे हैरानी है कि सीएनएन यहां मेरी कवरेज कर रहा है। आपको यहां मेरी कवरेज के लिए नहीं होना चाहिए। आपने कहा था कि आप मेरी कवरेज नहीं करेंगे।’’ हालांकि, कॉलिन्स ने बाद में प्रसारण में कहा कि सीएनएन ने ऐसा कभी नहीं कहा।
यह टकराव ट्रंप प्रशासन द्वारा कुछ दिन पहले सीएनएन, ‘एमएस नाउ’ और ‘पोलिटिको’ को अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय व्हाइट हाउस परिसर से प्रतिबंधित किए जाने के बाद हुआ। सीएनएन को राष्ट्रपति के मीडिया पूल (चुनिंदा पत्रकारों के समूह) से भी हटा दिया गया था। हालांकि, संयुक्त राष्ट्र में उसे नियमित रूप से मान्यता प्राप्त मीडिया संगठन के तौर पर प्रवेश मिला।
तीनों मीडिया संस्थानों ने सोमवार को प्रशासन के खिलाफ मुकदमा दायर कर इस प्रतिबंध को असंवैधानिक घोषित करने की मांग की। मामले में बुधवार को सुनवाई निर्धारित है। बाद में ट्रंप ने अपने रुख को दोहराते हुए नकारात्मक मीडिया कवरेज को देश के लिए खतरनाक बताया।
ट्रंप और मीडिया संस्थानों के बीच यह विवाद लगातार बढ़ रहा है। सीएनएन, एमएस नाउ और पोलिटिको के प्रतिबंध के विरोध में अन्य प्रमुख समाचार संगठनों ने भी एकजुटता दिखाई है।
अन्य न्यूज़













