Nicole Kidman को... Tom Cruise की फिल्म Days of Thunder में Anne Hathaway की कास्टिंग पर भड़के Randy Quaid

Days Of Thunder
INSTAGRAM
एकता । Sep 1 2026 4:44PM

टॉम क्रूज ने अपनी चर्चित फिल्म डेज ऑफ थंडर के सीक्वल का ऐलान किया है, जिसमें उनके साथ ऐनी हैथवे नजर आएंगी और यह 2028 में रिलीज होगी। हालांकि, मूल फिल्म के अभिनेता रैंडी क्वेड ने निकोल किडमैन की जगह ऐनी हैथवे को चुने जाने पर नाराजगी जताते हुए इसे गलत फैसला बताया है।

हॉलीवुड स्टार टॉम क्रूज ने शनिवार को अपनी चर्चित फिल्म ‘डेज ऑफ थंडर’ के सीक्वल का ऐलान कर दिया। इस खबर के सामने आने के बाद फिल्म एक बार फिर चर्चा में आ गई है। फिल्म के नए पार्ट में टॉम क्रूज के साथ ऐनी हैथवे नजर आएंगी। हालांकि, ऐनी हैथवे की कास्टिंग से ओरिजिनल फिल्म में अहम भूमिका निभाने वाले अभिनेता रैंडी क्वेड खुश नहीं हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए इस कास्टिंग को गलत फैसला बताया है।

निकोल किडमैन की जगह ऐनी हैथवे

‘डेज ऑफ थंडर’ की पहली फिल्म में निकोल किडमैन ने टॉम क्रूज के साथ फीमेल लीड का किरदार निभाया था। अब सीक्वल में निकोल की जगह ऐनी हैथवे को कास्ट किया गया है। रैंडी क्वेड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर टॉम क्रूज को टैग करते हुए कहा कि फिल्म में निकोल किडमैन को वापस लाया जाना चाहिए था। उन्होंने ऐनी हैथवे की कास्टिंग को लेकर भी आपत्ति जताई।

इसे भी पढ़ें: Squid Game स्टार Park Hae Soo दूसरी बार बने पिता, घर आया बेबी बॉय

ऐनी हैथवे की प्रेग्नेंसी पर भी किया कमेंट

रैंडी क्वेड ने अपने पोस्ट में ऐनी हैथवे की प्रेग्नेंसी का भी जिक्र किया। ऐनी अपने तीसरे बच्चे की मां बनने वाली हैं। रैंडी ने उनकी कास्टिंग पर सवाल उठाते हुए उनके लुक्स को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि ‘डेज ऑफ थंडर’ में टॉम क्रूज के साथ निकोल किडमैन को वापस लाना बेहतर फैसला होता। हालांकि, रैंडी के इन बयानों को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा शुरू हो गई है।

ऐनी हैथवे को बताया ‘हॉलीवुड ऑडियंस के लिए गलत पसंद’

रैंडी क्वेड ने एक दूसरे पोस्ट में ऐनी हैथवे की कास्टिंग को लेकर और भी कड़ा बयान दिया। उन्होंने उन्हें फिल्म के नासकार ऑडियंस के लिए ‘गलत पसंद’ बताया और दावा किया कि फिल्म में टॉम क्रूज के साथ निकोल किडमैन की जोड़ी ज्यादा बेहतर रहती।

उन्होंने पहली फिल्म की शूटिंग और एडिटिंग के दिनों को भी याद किया। रैंडी के मुताबिक, उस समय फिल्म को जल्द रिलीज करने की कोशिश में एडिटर्स को शिफ्ट में काम करना पड़ता था। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि सीक्वल को जल्द रिलीज करने की कोशिश कहीं फिल्म के लिए नुकसानदायक न साबित हो।

टॉम क्रूज और ऐनी हैथवे ने ऐसे किया ऐलान

‘डेज ऑफ थंडर’ के सीक्वल का ऐलान टॉम क्रूज और ऐनी हैथवे ने सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक वीडियो के जरिए किया। वीडियो में प्रेग्नेंट ऐनी मजाकिया अंदाज में कहती हैं कि पहले वह बच्चे को जन्म देंगी और फिर फिल्म बनाएंगी। इसके जवाब में टॉम क्रूज भी कहते हैं कि पहले बच्चा हो जाए और उसके बाद फिल्म की शूटिंग की जाएगी। दोनों ने बताया कि फिल्म 2028 की गर्मियों में रिलीज होगी।

इसे भी पढ़ें: Amazon की God Of War सीरीज में Kratos का मुख्य रोल निभाएंगे Dave Bautista

‘डेज ऑफ थंडर’ की कहानी और स्टारकास्ट

1990 में रिलीज हुई ओरिजिनल ‘डेज ऑफ थंडर’ में टॉम क्रूज ने नासकार ड्राइवर कोल ट्रिकल का किरदार निभाया था। रैंडी क्वेड ने फिल्म में रेसिंग टीम के मालिक टिम डालैंड की भूमिका निभाई थी, जबकि निकोल किडमैन ने डॉ. क्लेयर लेविकी का किरदार निभाया था। फिल्म में रॉबर्ट डुवैल, कैरी एल्विस और जॉन सी. रेली भी नजर आए थे। फिल्म का निर्देशन टोनी स्कॉट ने किया था, जबकि इसे डॉन सिम्पसन और जेरी ब्रुकहाइमर ने प्रोड्यूस किया था।

2028 में रिलीज होगा ‘डेज ऑफ थंडर’ का सीक्वल

रिपोर्ट के मुताबिक, पैरामाउंट ने ‘डेज ऑफ थंडर’ के सीक्वल को जून 2028 में सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी की है। यानी ओरिजिनल फिल्म के करीब 40 साल बाद इसका सीक्वल दर्शकों के सामने आएगा। फिल्म का निर्देशन जोनाथन लेविन करेंगे। टॉम क्रूज इस फिल्म को जेरी ब्रुकहाइमर और टॉमी हार्पर के साथ मिलकर प्रोड्यूस करेंगे।

All the updates here:

अन्य न्यूज़