मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का दो दिवसीय गोवा दौरा बुधवार से होगा शुरू

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर गोवा पहुंचेंगे, जहां वह बूथ स्तर के अधिकारियों और युवाओं के साथ संवाद करेंगे। दक्षिण गोवा के मडगांव में आयोजित सम्मेलन में ईएलसी और ईसीआईनेट मंच से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। इस संवाद का मुख्य उद्देश्य जमीनी अनुभवों के आधार पर चुनावी प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाना है।

पणजी, एक सितंबर मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) से बातचीत करने और युवाओं के साथ संवाद के लिए बुधवार को गोवा पहुंचेंगे। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि सीईसी का उनका यह दौरा दो दिन का होगा। गोवा में वर्ष 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी, गोवा की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, अपने दौरे में कुमार दक्षिण गोवा के मडगांव स्थित रवींद्र भवन में चुनावी साक्षरता क्लबों (ईएलसी) और ईसीआईनेट मंच पर आयोजित क्षेत्रीय सम्मेलन में भी शामिल होंगे। इसमें बताया गया कि वह बुधवार को बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) से संवाद करेंगे। इस दौरान बीएलओ को अपने अनुभव, बेहतर कार्यप्रणालियां और जमीनी स्तर पर की गई नवाचार पहल साझा करने का अवसर मिलेगा।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस संवाद का उद्देश्य बीएलओ के अनुभवों और सुझावों को शामिल करते हुए चुनावी प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी, सुलभ और पारदर्शी बनाने पर चर्चा को बढ़ावा देना है। तीन सितंबर को चुनावी साक्षरता क्लबों (ईएलसी) और ईसीआईनेट पर एक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही चुनावी साक्षरता क्लबों के साथ संवाद भी होगा, जिसमें समावेशी और जागरूक चुनावी प्रक्रिया को बढ़ावा देने में उनकी भूमिका पर चर्चा की जाएगी।

ईएलसी चुनाव प्रक्रिया के विभिन्न चरणों, जैसे मतदाता पंजीकरण, मतदान और मतगणना से जुड़ी जानकारी का प्रसार करेंगे। साथ ही वे ईसीआईनेट ऐप और निर्वाचन आयोग की अन्य पहलों के बारे में भी जागरूकता बढ़ाएंगे। ईएलसी 2.0 के दृष्टिकोण, उद्देश्य, प्रमुख विशेषताओं और संचालन ढांचे के साथ-साथ भारतीय चुनाव प्रक्रिया और ईसीआईनेट मंच पर प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

सम्मेलन स्थल पर प्रतिभागियों को मतदाता पंजीकरण, मतदान और मतगणना प्रक्रियाओं की व्यावहारिक जानकारी देने के लिए तीन केंद्र स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा निर्वाचन आयोग की विभिन्न पहलों, नवाचारों और उपलब्धियों को बताने के लिए एक विशेष प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। कुमार के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त पवन शर्मा, महानिदेशक (मीडिया) आशीष गोयल, महानिदेशक (आईटी) सीमा खन्ना, उप निदेशक (मीडिया) अपूर्वा सिंह और अन्य अधिकारी शामिल होंगे।

All the updates here:

अन्य न्यूज़