Vaibhav Suryavanshi को प्लेइंग-11 में कब मिलेगा मौका? England के दिग्गजों ने उठाए गंभीर सवाल।

Vaibhav Sooryavanshi
प्रतिरूप फोटो
ANI
Ankit Jaiswal । Jul 3 2026 10:54PM

भारतीय क्रिकेट टीम में वैभव सूर्यवंशी को अंतिम एकादश से बाहर रखने के फैसले पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत में भी चर्चा तेज हो गई है, जहां इंग्लैंड के पूर्व कप्तानों ने इस पर सवाल उठाए हैं। टीम प्रबंधन मौजूदा टीम संयोजन को बनाए रखने पर अड़ा है, ऐसे में अब सभी की निगाहें इंग्लैंड के खिलाफ आगामी मैचों पर हैं कि क्या इस युवा खिलाड़ी को मौका मिलेगा।

शानदार प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय टीम तक पहुंचने वाले इस युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को लेकर प्रशंसकों की उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है। हालांकि अब तक उन्हें भारत की ओर से टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण का मौका नहीं मिला है। इसी वजह से पूर्व क्रिकेटरों और प्रशंसकों के बीच इस फैसले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

बता दें कि आयरलैंड दौरे पर भी बड़ी संख्या में दर्शक वैभव सूर्यवंशी को खेलते देखने के लिए मैदान पहुंचे थे। वहां टिकटों की मांग भी काफी बढ़ी थी, लेकिन दो मैचों की पूरी श्रृंखला में उन्हें अंतिम एकादश में जगह नहीं मिली। इसके बाद उम्मीद थी कि इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 श्रृंखला में उन्हें मौका दिया जाएगा, लेकिन पहले मुकाबले में भी वह केवल डगआउट तक ही सीमित रहे।

मौजूद जानकारी के अनुसार भारतीय टीम प्रबंधन ने अपने अनुभवी खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रखा है। सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा को टीम में बरकरार रखा गया है। ऐसे में वैभव सूर्यवंशी को अभी इंतजार करना पड़ रहा है।

इस फैसले पर कई पूर्व क्रिकेटरों ने खुलकर अपनी राय रखी है। भारत के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री और पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर पहले ही हैरानी जता चुके हैं। अब इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन और एलिस्टर कुक ने भी इस मुद्दे पर सवाल उठाए हैं।

एक क्रिकेट कार्यक्रम के दौरान माइकल वॉन ने कहा कि वह भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर से यह जरूर पूछना चाहेंगे कि वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड के खिलाफ खेलने का मौका क्यों नहीं दिया गया। वहीं एलिस्टर कुक ने भी मजाकिया अंदाज में कहा कि वह अगले मैच में दर्शक बनकर सिर्फ इस उम्मीद से जाएंगे कि 15 वर्षीय खिलाड़ी मैदान पर खेलता हुआ दिखाई दे।

गौरतलब है कि दोनों पूर्व खिलाड़ियों की यह टिप्पणी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। हालांकि यह भी माना जा रहा है कि भारतीय टीम प्रबंधन अपने फैसले पर फिलहाल कोई बदलाव करने के मूड में नहीं हैं।

भारतीय टीम की सोच साफ दिखाई दे रही है कि युवा खिलाड़ी को जल्दबाजी में मौका देने के बजाय सही समय का इंतजार कराया जाए। टीम संयोजन को देखते हुए यदि वैभव सूर्यवंशी को अंतिम एकादश में शामिल करना है तो किसी मौजूदा बल्लेबाज को बाहर बैठाना होगा। मौजूदा परिस्थितियों में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा दोनों ही टीम के महत्वपूर्ण खिलाड़ी माने जा रहे हैं, इसलिए फिलहाल बदलाव की संभावना कम नजर आ रही हैं।

क्रिकेट जानकारों का मानना है कि वैभव सूर्यवंशी भविष्य के बड़े सितारे हो सकते हैं। हालांकि राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने के बाद अंतिम एकादश में अवसर मिलना पूरी तरह टीम की रणनीति और परिस्थितियों पर निर्भर करता है। अब सभी की नजर इंग्लैंड के खिलाफ बाकी मुकाबलों पर रहेगी कि क्या इस युवा प्रतिभा को आखिरकार भारत की ओर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण का अवसर मिलता है या उन्हें अभी कुछ और इंतजार करना पड़ता हैं।

All the updates here:

अन्य न्यूज़