Share Market में उछाल, पर Dollar के मुकाबले Rupee पस्त, शुरुआती कारोबार में 94.81 पर

कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और डॉलर की मजबूत मांग के कारण शुरुआती कारोबार में रुपया 13 पैसे कमजोर होकर 94.81 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। विदेशी निवेशकों की बिकवाली के दबाव के बावजूद घरेलू शेयर बाजार सेंसेक्स और निफ्टी में शुरुआती बढ़त दर्ज की गई।
रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में 13 पैसे टूटकर 94.81 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों का कहना है कि कच्चे तेल की ऊंची कीमतों और महीने के अंत में डॉलर की मांग में वृद्धि के साथ-साथ सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर व्यापक रुझान ने निवेशकों के विश्वास को प्रभावित किया है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.79 पर खुला। फिर थोड़ा फिसलकर शुरुआती कारोबार में 94.81 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से 13 पैसे की गिरावट दर्शाता है।
रुपया मंगलवार को 53 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.68 पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.04 प्रतिशत की बढ़त के साथ 98.67 पर रहा। घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार 358.92 अंक चढ़कर 77,245.83 अंक पर जबकि निफ्टी 101.2 अंक की बढ़त के साथ 24,096.90 अंक पर पहुंच गया।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.21 प्रतिशत गिरावट के साथ 111.03 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 2,103.74 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
अन्य न्यूज़
















