Diwali Muhurat Trading में थमी 7 दिनों की तेजी, Sensex और Nifty मामूली गिरावट पर बंद

sensex
AI-Generated

दिवाली के विशेष मुहूर्त कारोबार सत्र में शेयर बाजार मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ। लगातार सात सत्रों की तेजी के बाद निवेशकों की मुनाफावसूली से सेंसेक्स 28.62 अंक गिरकर 80,999.40 पर और निफ्टी 43.95 अंक फिसलकर 24,986.40 पर आ गया। मजबूत शुरुआत के बावजूद दोनों प्रमुख सूचकांक अपनी शुरुआती बढ़त कायम रखने में नाकाम रहे।

 मानक शेयर सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी रविवार को दिवाली के विशेष मुहूर्त कारोबार सत्र में मामूली गिरावट के साथ बंद हुए। लगातार सात कारोबारी सत्रों की तेजी के बाद निवेशकों की मुनाफावसूली से बाजार नीचे आया। हिंदू पंचांग वर्ष संवत 2083 की शुरुआत के मौके पर आयोजित विशेष कारोबारी सत्र में मजबूत शुरुआत करने के बाद 30 शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स अपनी तेजी को कायम नहीं रख सका। सूचकांक 28.62 अंक यानी 0.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 80,999.40 अंक पर बंद हुआ। 

इसके 16 शेयर लाभ में और 14 शेयर नुकसान में रहे। विशेष सत्र के दौरान सेंसेक्स एक समय 414.09 अंक या 0.51 प्रतिशत उछलकर 81,442.11 अंक के उच्चतम स्तर तक पहुंच गया था। इसी तरह, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी भी सकारात्मक शुरुआत के बाद अंत में 43.95 अंक यानी 0.18 प्रतिशत फिसलकर 24,986.40 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की 30 कंपनियों में महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंटरग्लोब एविएशन, ट्रेंट, इन्फोसिस, भारती एयरटेल और एक्सिस बैंक में उल्लेखनीय गिरावट हुई। 

दूसरी तरफ सन फार्मा, टाटा स्टील, मारुति और पावर ग्रिड के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई। मुहूर्त कारोबार दिवाली के अवसर पर आयोजित होने वाला एक प्रतीकात्मक बाजार सत्र है, जो नए हिंदू पंचांग वर्ष की शुरुआत का भी प्रतीक है। ऐसा माना जाता है कि मुहूर्त या शुभ घड़ी के दौरान कारोबार करने से हितधारकों के लिए समृद्धि और वित्तीय प्रगति आती है।

 नियमित कारोबारी दिनों के विपरीत, जब शेयर बाजार सुबह 9:15 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक खुलते हैं, मुहूर्त कारोबार एक छोटी अवधि के लिए संचालित होता है। पिछले संवत वर्ष 2082 में सेंसेक्स 3,398.32 अंक या चार प्रतिशत टूटा था, जबकि निफ्टी में 838.25 अंक या 3.24 प्रतिशत की गिरावट आई थी। 

पिछले लगातार सात कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स में 7,781.99 अंक यानी 10.62 प्रतिशत का उछाल आया, जबकि निफ्टी 2,331.5 अंक यानी 10.27 प्रतिशत चढ़ा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़