SEBI पूंजी बाजारों को सुगम बनाने में जुटा, Tuhin Kanta Pandey बोले निवेशकों की सुरक्षा प्राथमिकता

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

सेबी प्रमुख तुहिन कांत पांडेय ने कोलकाता में आयोजित भारत चैंबर ऑफ कॉमर्स इन्वेस्टर्स फोरम में कहा कि नियामक पूंजी निर्माण और कारोबार को सुगम बनाने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। उन्होंने बताया कि भारतीय कंपनियां सालाना औसतन 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक जुटा रही हैं और पश्चिम बंगाल में निवेशकों की संख्या 90 लाख पार कर चुकी है।

भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के चेयरमैन तुहिन कांत पांडेय ने शनिवार को कहा कि नियामक देश के पूंजी बाजारों को अधिक सुगम, कुशल और मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि सेबी का मुख्य ध्यान पूंजी निर्माण को सुगम बनाने, कारोबारी सुगमता में सुधार करने और निवेशकों की सुरक्षा को मजबूत करने पर है। उन्होंने यहां भारत चैंबर ऑफ कॉमर्स इन्वेस्टर्स फोरम में पूंजी बाजार के विस्तार पर कहा कि पिछले दशक में बाजार पूंजीकरण में जोरदार वृद्धि हुई है, जिसमें कंपनियां इक्विटी और ऋण निर्गमों के जरिये सालाना औसतन 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक जुटा रही हैं।

उन्होंने कहा, हम व्यवसायों के लिए बाजारों को लगातार मजबूत कर रहे हैं। साथ ही उतनी ही प्राथमिकता निवेशकों की सुरक्षा भी है। विश्व स्तरीय बाजार न केवल सामान्य समय में कुशल होने चाहिए, बल्कि तनाव के दौरान भी लचीले होने चाहिए।

पांडेय ने कहा कि ये उद्देश्य एक-दूसरे का समर्थन करते हैं। उन्होंने बताया कि पूंजी बाजार में पश्चिम बंगाल की भागीदारी काफी बढ़ गई है, और यहां निवेशकों की संख्या वित्त वर्ष 2014-15 के लगभग 12 लाख से बढ़कर आज 90 लाख से अधिक हो गई है, जिनमें से लगभग 36 प्रतिशत युवा निवेशक 30 वर्ष से कम आयु के हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़