RBI के नए Deputy Governor बने Rohit Jain, 3 साल के लिए संभालेंगे यह अहम पद

केंद्र सरकार ने आरबीआई के कार्यकारी निदेशक रोहित जैन को तीन साल के लिए नया डिप्टी गवर्नर नियुक्त किया है, जो टी रबी शंकर का स्थान लेंगे। मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने इस नियुक्ति को मंजूरी दे दी है, जिससे केंद्रीय बैंक के शीर्ष प्रबंधन में एक महत्वपूर्ण बदलाव हुआ है।
सरकार ने रोहित जैन को तीन साल के कार्यकाल के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) का डिप्टी गवर्नर नियुक्त किया है। जैन, टी रबी शंकर का स्थान लेंगे, जिनका विस्तारित कार्यकाल शनिवार को समाप्त हो गया। सूत्रों ने सोमवार को बताया कि मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने तीन मई या उसके बाद पदभार ग्रहण करने की तारीख से तीन साल के लिए उनकी नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। रोहित जैन इस समय आरबीआई में कार्यकारी निदेशक के पद पर कार्यरत हैं।
आरबीआई अधिनियम, 1934 के अनुसार केंद्रीय बैंक में चार डिप्टी गवर्नर होने चाहिए। इनमें से दो आंतरिक रैंक से, एक वाणिज्यिक बैंकर और एक अर्थशास्त्री होना चाहिए जो मौद्रिक नीति विभाग का नेतृत्व करे। अन्य तीन डिप्टी गवर्नर स्वामीनाथन जे, पूनम गुप्ता और एस सी मुर्मू हैं। टी रबी शंकर को पहली बार सितंबर 2021 में तीन साल के लिए डिप्टी गवर्नर नियुक्त किया गया था। उन्हें 2024 में और उसके बाद 2025 में एक-एक साल का विस्तार दिया गया था।
अन्य न्यूज़














