Reliance-Disney Merger का बड़ा असर, JioStar ने कमाया ₹419 करोड़ का Net Profit, रेवेन्यू 36,000 करोड़ पार

JioStar
AI Generated

रिलायंस और डिज्नी के संयुक्त उद्यम जियोस्टार ने वित्त वर्ष 2025-26 में 36,248 करोड़ रुपये का वार्षिक सकल राजस्व दर्ज किया, जो खेल और मनोरंजन में मजबूत जुड़ाव को दर्शाता है। मार्च तिमाही में कंपनी ने 419 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया, जिसमें क्रिकेट प्रसारण अधिकारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

मीडिया और मनोरंजन मंच जियोस्टार ने शुक्रवार को कहा कि मार्च तिमाही के दौरान उससे 9,784 करोड़ रुपये का सकल राजस्व और 419 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया। रिलायंस के मीडिया व्यवसाय और वैश्विक मीडिया दिग्गज वॉल्ट डिज्नी के भारतीय व्यवसाय के विलय के बाद बने संयुक्त उद्यम जियोस्टार का वित्त वर्ष 2025-26 के लिए वार्षिक सकल राजस्व 36,248 करोड़ रुपये रहा।

रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) के अनुसार जियोस्टार की सदस्यता राजस्व वृद्धि पूरे वर्ष डिजिटल और टीवी दोनों में मजबूत रही। बयान में कहा गया कि यह वृद्धि खेल कार्यक्रमों की विस्तृत श्रृंखला और प्रमुख मनोरंजन फ्रेंचाइजी में रिकॉर्ड जुड़ाव के कारण हुई है।

इस संयुक्त उद्यम के पास अधिकांश प्रमुख क्रिकेट प्रसारण अधिकार हैं और उसने तिमाही के दौरान औसतन 50 करोड़ मासिक सक्रिय उपयोगकर्ता दर्ज किए। टी20 पुरुष क्रिकेट विश्व कप फाइनल के दौरान रिकॉर्ड 7.25 करोड़ लोगों ने एक साथ इसे देखा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़