NSEL ने 1,950 करोड़ रुपये का OTS भुगतान जारी किया, 14 साल पुराना संकट सुलझा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

नेशनल स्पॉट एक्सचेंज लिमिटेड ने एकमुश्त निपटान योजना के तहत पात्र दावेदारों के लिए 1,950 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी है। एनसीएलटी मुंबई पीठ द्वारा स्वीकृत इस योजना के अमल में आने से लगभग 14 वर्षों से लंबित 5,600 करोड़ रुपये के भुगतान चूक मामले का समाधान हो गया है। यह राशि 63 मून्स टेक्नोलॉजीज को हस्तांतरित की गई है, जिसने निर्दिष्ट लेनदारों के अधिकृत प्रतिनिधि के तौर पर कार्य किया।

नेशनल स्पॉट एक्सचेंज लिमिटेड (एनएसईएल) ने सोमवार को कहा कि उसने पात्र दावेदारों के लिए एकमुश्त निपटान (ओटीएस) के तहत 1,950 करोड़ रुपये का भुगतान जारी किया है। इसके साथ ही करीब 14 साल से जारी 5,600 करोड़ रुपये के भुगतान चूक संकट का निपटान हो गया है। राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) की मुंबई पीठ ने इस निपटान योजना को मंजूरी दी थी।

पूरी राशि निपटान खाते में जमा करा दी गई थी और पात्र निर्दिष्ट लेनदारों को इसका भुगतान 23 नवंबर, 2026 को किया जाना था। एकमुश्त निपटान की राशि 63 मून्स टेक्नोलॉजीज को दी गई, जिसने निर्दिष्ट लेनदारों के अधिकृत प्रतिनिधि के रूप में काम किया। इससे पहले, आठ अक्टूबर को मुंबई की एक विशेष अदालत ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा कुर्क की गई करीब 3,464 करोड़ रुपये की संपत्तियों के मौद्रीकरण की अनुमति दी थी, ताकि निपटान के लिए धन जुटाया जा सके।

इस योजना का प्रस्ताव एनएसईएल इन्वेस्टर्स फोरम ने दिया था, जो बड़ी संख्या में कारोबारियों का प्रतिनिधित्व करता है। 63 मून्स टेक्नोलॉजीज के समर्थन वाली एनएसईएल ने इस प्रस्ताव को स्वीकार कर पूर्ण और अंतिम निपटान के रूप में न्यायाधिकरण के समक्ष पेश किया था। एनएसईएल ने एक बयान में कहा, यह निपटान 63 मून्स की अपनी धनराशि से स्वेच्छा से किया गया है, जबकि किसी भी जांच एजेंसी को एनएसईएल, 63 मून्स और उसके प्रवर्तकों तक धन के लेनदेन का कोई सुराग नहीं मिला है।

कंपनी ने कहा कि धन के लेनदेन का पता 17 चूककर्ता समूहों तक चला है और उनसे इस रकम की वसूली की जाएगी। 63 मून्स टेक्नोलॉजीज के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एस राजेंद्रन ने कहा कि यह भुगतान ऐतिहासिक है, क्योंकि किसी जांच एजेंसी या अदालत ने 63 मून्स अथवा उसके प्रवर्तकों तक धन के लेनदेन का कोई सुराग स्थापित नहीं किया था। इसके बावजूद कंपनी ने समाधान की दिशा में पहल की।

एनएसईएल के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ नीरज शर्मा ने कहा कि अधिकारियों, अदालतों और एनएसईएल इन्वेस्टर्स फोरम के सहयोग के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी। एनएसईएल इन्वेस्टर्स फोरम के चेयरमैन शरद सराफ ने कहा कि यह भुगतान दावेदारों के लिए न्यायसंगत है और भविष्य में वित्तीय संकटों के निपटान का रास्ता दिखाएगा। अगस्त, 2013 में एनएसईएल ने 63 मून्स के समर्थन से 10 लाख रुपये से कम बकाया वाले 7,053 छोटे दावेदारों को करीब 179 करोड़ रुपये का भुगतान किया था।

इस श्रेणी के सभी दावेदारों को उनकी पूरी बकाया राशि मिल गई थी। करीब 5,600 करोड़ रुपये की भुगतान चूक का मामला जुलाई, 2013 में सामने आया था। इसके चलते हजारों निवेशक ब्रोकरों के माध्यम से किए गए पेयर्ड स्पॉट कॉन्ट्रैक्ट (एक साथ खरीद और बिक्री के सौदे) में लगाए गए अपने पैसे वापस पाने में असमर्थ हो गए थे।

सरकार के निर्देश पर 31 जुलाई, 2013 को इस एक्सचेंज में कारोबार रोक दिया गया था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़