Monomark Engineering और Matangi Rubber लाएंगे IPO, दिसंबर के पहले हफ्ते में खुलेंगे इश्यू

Monomark Engineering
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

मोनोमार्क इंजीनियरिंग और मातंगी रबर विस्तार व कार्यशील पूंजी की जरूरतों के लिए दिसंबर की शुरुआत में शेयर बाजार में कदम रखेंगी। मातंगी रबर का निर्गम एक से तीन दिसंबर तक और मोनोमार्क इंजीनियरिंग का दो से चार दिसंबर तक खुला रहेगा। इससे पहले नवंबर के अंतिम हफ्ते में फूडलिंक एफएंडबी और इंटेग्रिस मेडटेक भी सार्वजनिक निर्गम पेश करेंगी।

दो कंपनियां मोनोमार्क इंजीनियरिंग (इंडिया) लिमिटेड और मातंगी रबर लिमिटेड कारोबार विस्तार और कार्यशील पूंजी की जरूरतों को पूरा करने के लिए पूंजी जुटाने के मकसद से दिसंबर के पहले सप्ताह में अपना आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने के लिए तैयार हैं। दोनों कंपनियों के रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (आरएचपी) के अनुसार मोनोमार्क इंजीनियरिंग का आईपीओ दो दिसंबर को खुलेगा और चार दिसंबर को बंद होगा, जबकि मातंगी रबर का सार्वजनिक निर्गम एक दिसंबर से तीन दिसंबर तक अभिदान के लिए उपलब्ध रहेगा। मातंगी रबर के लिए एंकर निवेशकों की बोली 30 नवंबर को होगी, जबकि मोनोमार्क इंजीनियरिंग अपने सार्वजनिक निर्गम खुलने से एक दिन पहले एक दिसंबर को एंकर निवेशकों के लिए बोली आयोजित करेगी।

इसके अलावा, खाद्य सेवा क्षेत्र में काम करने वाली फूडलिंक एफएंडबी होल्डिंग्स (इंडिया) लिमिटेड 26 नवंबर को अपना आईपीओ लाएगी, जबकि निजी इक्विटी फर्म एवरस्टोन कैपिटल समर्थित विविध चिकित्सा प्रौद्योगिकी मंच इंटेग्रिस मेडटेक 27 नवंबर को अपना सार्वजनिक निर्गम पेश करेगी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़