Microtek सौर कारोबार में करेगी ₹400 करोड़ से अधिक का निवेश, Jaipur में नया प्लांट

बिजली समाधान प्रदाता कंपनी माइक्रोटेक ने सौर कारोबार के विस्तार के लिए 400 करोड़ रुपये से अधिक निवेश करने की घोषणा की है। इस योजना के तहत जयपुर में एक नया सौर पैनल विनिर्माण संयंत्र स्थापित किया जा रहा है जो अगले महीने से शुरू हो सकता है। कंपनी बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली पेश कर 'हर घर बिजली घर' के लक्ष्य को आगे बढ़ा रही है।
माइक्रोटेक ने अपने सौर कारोबार के विस्तार में तेजी लाने के लिए 400 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की घोषणा की है। कंपनी ने रविवार को जारी बयान में कहा कि विस्तार योजना के तहत जयपुर में सौर पैनल विनिर्माण संयंत्र स्थापित किया जा रहा है। इसके अगले महीने तक चालू होने की उम्मीद है।
कंपनी ने शनिवार को संपन्न हुए नवीकरणीय ऊर्जा एक्सपो 2026 में कहा कि वह अपने ‘हर घर बिजली घर’ के दृष्टिकोण के तहत नई बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली (बीईएसएस) पेश करेगी। इसका उद्देश्य घरों और कारोबार क्षेत्रों के लिए भरोसेमंद ऊर्जा समाधान सुलभ कराना है। बिजली प्रबंधन के क्षेत्र में करीब चार दशक का अनुभव रखने वाली माइक्रोटेक का कारोबार बिजली उत्पादन, वितरण, बिजली की गुणवत्ता में सुधार और भंडारण जैसे चार प्रमुख क्षेत्रों में फैला है।
कंपनी ने एक्सपो में घरेलू इन्वर्टर, यूपीएस प्रणाली, बैटरी, बिजली के तार, सौर पैनल, सौर इन्वर्टर और लिथियम बैटरी प्रदर्शित किए। कंपनी ने कहा कि वह एक करोड़ घरों तक छत पर सौर ऊर्जा की सुविधा पहुंचाने के उद्देश्य वाली ‘पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ जैसी पहल में भी योगदान दे रही है। उसके समाधान उपभोक्ताओं को बिजली का उत्पादन, भंडारण और कुशल प्रबंधन करने में मदद करते हैं, जिससे पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम होती है।
माइक्रोटेक इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक एवं चेयरमैन एन के अग्रवाल ने कहा, ‘‘हमारा ‘हर घर बिजली घर’ का दृष्टिकोण घरों को अपनी बिजली का उत्पादन और प्रबंधन करने में सक्षम बनाने की हमारी महत्वाकांक्षा को दर्शाता है। बिजली उत्पादन, वितरण, गुणवत्ता में सुधार और भंडारण से जुड़े हमारे उत्पाद बिजली की भरोसेमंद आपूर्ति सुनिश्चित करने के करीब चार दशक के अनुभव पर आधारित हैं।’’
अन्य न्यूज़













