MCX Net Profit: दूसरी तिमाही में मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज का शुद्ध लाभ 455 करोड़ रुपये पहुंचा

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में तेज बढ़त के साथ 455 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है। एक्सचेंज की कुल आय 799.66 करोड़ रुपये रही, जबकि पिछले वर्ष की समान तिमाही में यह 374.23 करोड़ रुपये थी। कारोबार की मात्रा और आय में तेज वृद्धि इस मुनाफे का मुख्य कारण रही।

नयी दिल्ली, चार नवंबर मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया (एमसीएक्स) का वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ दोगुने से अधिक होकर 455 करोड़ रुपये रहा। आय और कारोबार की मात्रा में तेज वृद्धि इसकी मुख्य वजह रही। वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में एमसीएक्स का शुद्ध लाभ 197.47 करोड़ रुपये रहा था।

शेयर बाजार को दी सूचना के अनुसार, समीक्षाधीन अवधि में कुल आय बढ़कर 799.66 करोड़ रुपये हो गई जो एक साल पहले 374.23 करोड़ रुपये थी। वहीं, खर्च बढ़कर 211.36 करोड़ रुपये हो गया जो पिछले साल की समान अवधि में 150.41 करोड़ रुपये था। कारोबार की मात्रा के मोर्चे पर, आलोच्य तिमाही के दौरान वायदा कारोबार का औसत दैनिक कारोबार (एडीटी) बढ़कर 62,819 करोड़ रुपये हो गया, जबकि विकल्प कारोबार का औसत दैनिक कारोबार बढ़कर 12,00,129 करोड़ रुपये रहा।

एमसीएक्स में इस तिमाही के दौरान 5.68 टन सोने, 199.91 टन चांदी और 34,707 टन आधार धातुओं की भौतिक आपूर्ति भी हुई। एमसीएक्स की प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) प्रवीणा राय ने कहा, ‘‘वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में हमारा मजबूत प्रदर्शन बाजार प्रतिभागियों के निरंतर भरोसे और बदलते जिंस परिवेश में एमसीएक्स की बढ़ती प्रासंगिकता को दर्शाता है।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़