मुंबई में CNG दो रुपये और PNG एक रुपये प्रति यूनिट महंगी, नई दरें लागू

Mahanagar Gas
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

पश्चिम एशिया संकट के बीच गैस लागत बढ़ने पर एमजीएल ने मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में ईंधन की कीमतों में इजाफा किया है। नई बढ़ोतरी के बाद सीएनजी का भाव 88 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है, जबकि पीएनजी एक रुपये प्रति एससीएम महंगी हुई है।

महानगर गैस लिमिटेड (एमजीएल) ने मुंबई और अपने अन्य परिचालन क्षेत्रों में कंप्रेस्ड नैचुरल गैस (सीएनजी) की कीमत दो रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ा दी है। कंपनी ने पश्चिम एशिया में जारी संकट के बाद गैस की लागत बढ़ने के कारण यह कदम उठाया है। एमजीएल ने मंगलवार को बयान में कहा कि संशोधित दरों के अनुसार, मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में सीएनजी की कीमत अब 88 रुपये प्रति किलोग्राम होगी।

यह बढ़ोतरी इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) द्वारा दिल्ली में सीएनजी की कीमत 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाकर 86.98 रुपये किए जाने के बाद की गई है। राष्ट्रीय राजधानी में सीएनजी की कीमत पहले 83.09 रुपये प्रति किलोग्राम थी। इस वृद्धि के साथ इस साल दिल्ली में सीएनजी की कीमतों में कुल 10 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी हो चुकी है।

इसे भी पढ़ें: Uzbekistan पहुंचे PM Modi, Delhi में CNG के दाम बढ़े; पढ़ें दिनभर के मुख्य समाचार

साल की शुरुआत में दिल्ली में सीएनजी की कीमत 77.09 रुपये प्रति किलोग्राम थी। मई के दूसरे पखवाड़े में इसे चार किस्तों में कुल छह रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाया गया था, जिसके बाद इसकी कीमत 83.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई थी। एमजीएल ने कहा कि सीएनजी की कीमत में दो रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि का उद्देश्य गैस की बढ़ी लागत की आंशिक भरपाई करना और ग्राहकों को निरंतर तथा टिकाऊ आपूर्ति सुनिश्चित करना है।

इसे भी पढ़ें: दिल्ली में इस साल करीब 10 रुपये महंगी हुई CNG, Noida और गाजियाबाद में भी बढ़े दाम

कंपनी ने इसी तारीख से पाइप वाली रसोई गैस (पीएनजी) की कीमत भी एक रुपये प्रति मानक घन मीटर (एससीएम) बढ़ा दी है। एमजीएल मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, लातूर और धाराशिव के अलावा चित्रदुर्ग और दावणगेरे में शहर गैस वितरण नेटवर्क का संचालन करती है। कंपनी के मुताबिक, वह 500 से अधिक स्टेशन के नेटवर्क के जरिये 13 लाख से अधिक वाहनों को सीएनजी की आपूर्ति करती है।

इसके अलावा उसके परिचालन क्षेत्रों में करीब 30 लाख घरों को पीएनजी कनेक्शन दिया जा चुका है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़