भारत बनेगा Global Logistics Hub! Delhi में Air Cargo Forum India की अगस्त में बड़ी तैयारी

एयर कार्गो फोरम इंडिया (एसीएफआई) अगले महीने दिल्ली में अपना सातवां वैश्विक सम्मेलन आयोजित करेगा, जिसमें मजबूत आपूर्ति शृंखला के विकास में भारत की अग्रणी भूमिका पर मंथन होगा। इस सम्मेलन में हवाई मालवहन और लॉजिस्टिक क्षेत्र के 700 से अधिक विशेषज्ञ वैश्विक व्यापार के बदलते परिदृश्य पर विचार-विमर्श करेंगे।
एयर कार्गो फोरम इंडिया (एसीएफआई) अगले महीने राष्ट्रीय राजधानी में अपना सातवां वैश्विक सम्मेलन आयोजित करेगा, जिसमें हवाई मालवहन एवं लॉजिस्टिक क्षेत्र से जुड़े 700 से अधिक प्रतिनिधियों के भाग लेने की संभावना है। एसीएफआई ने एक बयान में कहा कि 12-13 अगस्त को होने वाले सम्मेलन में वैश्विक व्यापार, आपूर्ति शृंखलाओं की मजबूती और बदलते लॉजिस्टिक्स परिदृश्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
इस सम्मेलन में उद्योग के विशेषज्ञ, नीति निर्माता, प्रौद्योगिकी कंपनियां, निवेशक, विमानन कंपनियां, हवाईअड्डा संचालक, माल परिवहन एजेंसियां और आपूर्ति शृंखला से जुड़े अन्य पक्ष हिस्सा लेंगे। सम्मेलन का विषय ‘वैश्विक व्यापार की नई परिकल्पना: मजबूत आपूर्ति श्रृंखला के विकास में भारत की अग्रणी भूमिका’ रखा गया है, जो भारत की उभरती भूमिका और सशक्त आपूर्ति शृंखलाओं के निर्माण में उसकी भागीदारी को रेखांकित करता है।
एसीएफआई देश के हवाई मालवहन और लॉजिस्टिक क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाला एक प्रमुख उद्योग संगठन है और इस सम्मेलन को क्षेत्र के हितधारकों के लिए महत्वपूर्ण मंच माना जाता है। एसीएफआई के अध्यक्ष और जीएमआर समूह के मालवहन एवं लॉजिस्टिक खंड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) संजीव एडवर्ड ने कहा कि वैश्विक आपूर्ति शृंखलाएं अब केवल कम लागत और त्वरित आपूर्ति तक सीमित नहीं रह गई हैं।
इनमें मजबूती, विश्वसनीयता और डिजिटल संपर्क भी महत्वपूर्ण हो गए हैं। उन्होंने कहा कि भारत के पास तेजी से विकसित हो रहे हवाईअड्डा बुनियादी ढांचे, बढ़ते विनिर्माण क्षेत्र और सरकार की नीतिगत पहलों के कारण वैश्विक लॉजिस्टिक केंद्र के रूप में उभरने का बड़ा अवसर है।
अन्य न्यूज़














