DRI ने Bengaluru और पुणे में जब्त की 18 किलो नशीली दवाएं, चार गिरफ्तार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

राजस्व खुफिया महानिदेशालय ने 25 अगस्त को विशेष अभियान चलाकर बेंगलुरु और पुणे रेलवे स्टेशनों से 18 किलोग्राम से अधिक एम्फैटेमिन और एमडीएमए बरामद किया। इस कार्रवाई के तहत दिल्ली से ट्रेन के जरिए प्रतिबंधित सामग्री ला रहीं दो महिला यात्रियों सहित कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वित्त मंत्रालय के अनुसार खुफिया सूचना के आधार पर यह पूरी जब्ती की गई।

वित्त मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि राजस्व खुफिया महानिदेशालय (डीआरआई) ने कृत्रिम नशीली दवाओं के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज करते हुए दो अभियानों में लगभग 18 किलोग्राम एम्फैटेमिन और एमडीएमए जब्त किया और चार लोगों को गिरफ्तार किया है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि 25 अगस्त को खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए दो अभियानों में डीआरआई ने बेंगलुरु में लगभग 14.9 किलोग्राम एम्फैटेमिन और पुणे में लगभग 2.53 किलोग्राम एम्फैटेमिन के साथ 878 ग्राम एमडीएमए की गोलियां जब्त कीं, जिनका कुल वजन 18 किलोग्राम से अधिक है। खुफिया सूचना पर आधारित एक अभियान में, डीआरआई के अधिकारियों ने केएसआर बेंगलुरु रेलवे स्टेशन पर एक भारतीय महिला यात्री को रोका, जो नयी दिल्ली से बेंगलुरु के लिए रेल से यात्रा कर रही थी और उसके पास बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री होने का संदेह था।

उसके सामान की जांच करने पर क्रिस्टलीय पदार्थ वाले सात पैकेट बरामद हुए, जिनका वजन लगभग 14.9 किलोग्राम था। इसमें एम्फैटेमिन की मौजूदगी का पता चला। एक अन्य खुफिया अभियान में, डीआरआई ने पुणे जंक्शन स्टेशन पर एक अन्य भारतीय महिला यात्री को रोका, जो हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, दिल्ली से रेल से यात्रा कर रही थी।

उसके सामान की जांच करने पर नशीले पदार्थ पाए गए और महिला यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया।

All the updates here:

अन्य न्यूज़