Yastika Bhatia के शतक के बाद भी India A महिला टीम दूसरा वनडे ऑस्ट्रेलिया से 2 विकेट से हारी

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मोहाली में खेले गए दूसरे अनौपचारिक वनडे में Australia A ने 339 रन का विशाल लक्ष्य आखिरी ओवर में हासिल कर लिया। भारतीय टीम के लिए यास्तिका भाटिया ने 112 रन बनाए, जबकि तेजल और अनुष्का ने अर्धशतक जड़े। इस जीत के साथ मेहमान टीम ने तीन मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है।

यास्तिका भाटिया के शानदार शतक के बावजूद भारत ए महिला टीम को बुधवार को यहां खेले गए दूसरे अनौपचारिक वनडे में ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ दो विकेट से करीबी हार का सामना करना पड़ा। भारत ए महिला टीम ने पहला मैच चार विकेट से जीता था और दूसरे मैच में मेहमान टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए मिली जीत से सीरीज 1-1 से बराबरी पर है। अब सीरीज का फैसला शुक्रवार को तीसरे अनौपचारिक वनडे से होगा।

भारत की विकेटकीपर-बल्लेबाीज यास्तिका शानदार फॉर्म में थीं। उन्होंने सिर्फ 84 गेंद में 16 चौकों और दो छक्कों की मदद से 112 रन बनाए जबकि तेजल हसबनीस और अनुष्का शर्मा ने 60-60 रन का योगदान दिया। लेकिन पारी के आखिर में भारत की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ गई।

निक्की प्रसाद (0) और मीनू मणि (03) सस्ते में आउट हो गईं और भारत का स्कोर छह विकेट पर 338 रन रहा। ऑस्ट्रेलिया की तेज गेंदबाज डार्सी ब्राउन ने 39 रन देकर तीन विकेट झटके और आक्रामक भारतीय बल्लेबाजों पर लगाम लगाई। मेहमान टीम ने घरेलू टीम को रोकने के लिए सात गेंदबाजों का इस्तेमाल किया।

बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए मेहमान टीम की शीर्ष चार बल्लेबाजों में से तीन ने अर्धशतक जड़े। कप्तान तहलिया विल्सन ने 77 गेंदों पर 79 रन बनाए और तीसरे नंबर पर उतरी अनिका लेरॉयड ने 29 गेंद पर नौ चौकों और दो छक्कों की मदद से तेज-तर्रार 54 रन बनाए। विल्सन और लेरॉयड के बीच दूसरे विकेट के लिए हुई साझेदारी ने उन्हें सलामी बल्लेबाज निकोल फाल्टम के जल्दी आउट होने से मिले झटके से उबरने में मदद की।

चार्ली नॉट ने सिर्फ 37 गेंद पर सात चौकों और तीन छक्कों की मदद से 63 रन बनाए। मीनू मणि एकमात्र ऐसी भारतीय गेंदबाज रहीं जिन्होंने 10 ओवर में 48 रन देकर तीन विकेट लिए। सयाली सतघरे ने और प्रसाद ने दो दो विकेट लिए लेकिन भारत ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को रोकने में काफी हद तक नाकाम रहा।

ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष क्रम की मजबूत शुरुआत के साथ-साथ टेस फ्लिंटॉफ (38), हेले सिल्वर-होम्स (47) और मिली इलिंगवर्थ (नाबाद 22 रन) ने भी अहम योगदान दिया, जिससे मेहमान टीम ने मैच के आखिरी ओवर में तीन गेंदें बाकी रहते हुए जीत हासिल कर ली।

All the updates here:

अन्य न्यूज़