Wimbledon 2026: Serena Williams का अधूरा रहा Comeback, पहले ही दौर में हारकर हुईं बाहर

Serena Williams
प्रतिरूप फोटो
X @usta
Ankit Jaiswal । Jul 1 2026 8:49PM

टेनिस दिग्गज सेरेना विलियम्स का विंबलडन 2026 में वापसी का सफर पहले दौर में ही समाप्त हो गया, उन्हें 20 वर्षीय माया जॉइंट ने एक कड़े मुकाबले में शिकस्त दी। दूसरी ओर, मौजूदा चैंपियन इगा स्वियातेक और अलेक्जेंडर ज़्वेरेव ने जीत के साथ अगले दौर में प्रवेश कर लिया है।

करीब चार साल बाद एकल टेनिस में वापसी करने वाली दिग्गज खिलाड़ी सेरेना विलियम्स का विंबलडन 2026 अभियान पहले ही दौर में समाप्त हो गया। ऑस्ट्रेलिया की 20 वर्षीय युवा खिलाड़ी माया जॉइंट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेरेना को तीन सेटों के मुकाबले में हराकर टूर्नामेंट का सबसे बड़ा उलटफेर कर दिया हैं। दूसरी ओर मौजूदा चैंपियन इगा स्वियातेक ने शुरुआती चुनौती को पार करते हुए अगले दौर में जगह बना ली हैं।

मौजूद जानकारी के अनुसार, सेंटर कोर्ट पर खेले गए मुकाबले में माया जॉइंट ने सेरेना विलियम्स को 6-3, 6-7 (8-6), 6-3 से हराया। मुकाबला लगभग ढाई घंटे तक चला। दूसरे सेट में सेरेना ने एक मैच प्वाइंट बचाकर शानदार वापसी की और मुकाबले को निर्णायक सेट तक पहुंचाया, लेकिन तीसरे सेट में उनकी ऊर्जा जवाब दे गई और युवा खिलाड़ी ने जीत अपने नाम कर ली।

बता दें कि 44 वर्षीय सेरेना विलियम्स ने वर्ष 2022 में पेशेवर एकल टेनिस से दूरी बना ली थी। इसी महीने उन्होंने अचानक वापसी की घोषणा की थी और विंबलडन से पहले केवल युगल वर्ग के दो मुकाबले खेले थे। ऐसे में प्रशंसकों को उम्मीद थी कि वह अपने पसंदीदा टूर्नामेंट में यादगार वापसी करेंगी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।

गौरतलब है कि सेरेना विलियम्स विंबलडन महिला एकल में ओपन युग की दूसरी सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गईं। उनसे पहले यह उपलब्धि नौ बार की चैंपियन मार्टिना नवरातिलोवा के नाम दर्ज है, जिन्होंने 47 वर्ष की उम्र में वर्ष 2004 में दूसरे दौर तक का सफर तय किया था। सेरेना सात बार विंबलडन का महिला एकल खिताब जीत चुकी हैं और उनका आखिरी ग्रैंड स्लैम खिताब वर्ष 2017 के ऑस्ट्रेलियाई ओपन में आया था।

मैच की शुरुआत से पहले सेंटर कोर्ट पर सेरेना का जोरदार स्वागत हुआ। दर्शकों ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया और कई प्रशंसक उनके समर्थन में संदेश लिखे पोस्टर लेकर पहुंचे। दूसरे सेट में जीत के बाद पूरे स्टेडियम में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला, लेकिन आखिर में अनुभव पर युवा जोश भारी पड़ गया।

जीत के बाद माया जॉइंट ने कहा कि मुकाबले से पहले वह पूरी रात तनाव में थीं और ठीक से सो भी नहीं सकीं। उन्होंने स्वीकार किया कि दूसरे सेट के अंत में सेरेना ने अपने खेल का स्तर काफी ऊंचा कर दिया था, जिससे मैच खत्म करना आसान नहीं रहा। बता दें कि माया पिछले 14 मुकाबलों में से 13 हार चुकी थीं और उनकी विश्व रैंकिंग भी काफी नीचे खिसक गई थी। इसके बावजूद उन्होंने बड़े मंच पर शानदार प्रदर्शन कर सभी को चौंका दिया।

अब दूसरे दौर में माया जॉइंट का सामना फिलीपींस की उभरती खिलाड़ी एलेक्जेंड्रा ईआला से होगा। एलेक्जेंड्रा ने अपने पहले विंबलडन मुकाबले में रेनाटा जराजुआ को आसानी से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।

वहीं महिला वर्ग में खिताब की प्रबल दावेदार और मौजूदा चैंपियन इगा स्वियातेक ने दबाव भरे मुकाबले में जीत दर्ज कर अपने अभियान की सफल शुरुआत की हैं। शुरुआती चुनौती के बावजूद उन्होंने संयम बनाए रखा और अगले दौर में जगह बना ली।

पुरुष एकल वर्ग में फ्रेंच ओपन चैंपियन अलेक्जेंडर ज़्वेरेव को बेल्जियम के युवा खिलाड़ी अलेक्जेंडर ब्लॉक्स के खिलाफ कड़ी चुनौती मिली। चार सेट तक चले मुकाबले में ज़्वेरेव ने 6-4, 6-7, 7-6, 7-6 से जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया।

हालांकि चौथी वरीयता प्राप्त बेन शेल्टन को बड़ा झटका लगा। फिनलैंड के ओट्टो विर्तानेन ने रोमांचक मुकाबले में उन्हें पांच सेटों में हराकर बाहर का रास्ता दिखा दिया। बेन शेल्टन एक मैच प्वाइंट का फायदा भी नहीं उठा सके। दूसरी ओर टेलर फ्रिट्ज और एलेक्स डी मिनॉर ने सीधे सेटों में जीत दर्ज कर अपने अभियान को मजबूत शुरुआत दी।

सेरेना विलियम्स का एकल सफर भले ही समाप्त हो गया हो, लेकिन उनका विंबलडन अभियान अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। अब वह अपनी बड़ी बहन वीनस विलियम्स के साथ महिला युगल वर्ग में सातवां विंबलडन खिताब जीतने की कोशिश करती नजर आएंगी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़