Om Prakash Karhana बने Youth Olympics में 35 सदस्यीय भारतीय दल के प्रमुख

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

सेनेगल के डकार में आयोजित होने वाले युवा ओलंपिक खेलों के लिए पूर्व गोला फेंक एथलीट ओम प्रकाश करहाना को भारतीय दल का नेता बनाया गया है। खेल मंत्रालय ने 13 नवंबर तक चलने वाले इस खेल आयोजन के लिए 17 खिलाड़ियों समेत कुल 35 सदस्यों के दल को हरी झंडी दी है। 2010 से शुरू हुए इन खेलों में यह भारत का अब तक का सबसे छोटा दल होगा।

एशियाई चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले पूर्व गोला फेंक खिलाड़ी ओम प्रकाश करहाना को सेनेगल के डकार में शनिवार से शुरू होने वाले युवा ओलंपिक खेलों के लिए 17 खिलाड़ियों सहित 35 सदस्यीय भारतीय दल का प्रमुख नियुक्त किया गया है। भारतीय ओलंपिक संघ के एथलीट आयोग के निवर्तमान सदस्य 39 वर्षीय करहाना पिछले वर्ष के एशियाई युवा खेलों में भारतीय दल के सुरक्षा (सेफगार्डिंग) अधिकारी रह चुके हैं। खेल मंत्रालय ने 13 नवंबर तक चलने वाले युवा ओलंपिक खेलों के लिए 17 खिलाड़ियों (छह पुरुष और 11 महिला) को मंजूरी दी है।

इनके साथ 12 कोच, चार फिजियो और एक चिकित्सक को भी मंजूरी दी गई है। युवा ओलंपिक खेलों में 15 से 18 वर्ष के आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग लेते हैं। इस बार 207 देशों के लगभग 2700 खिलाड़ियों के इन खेलों में भाग लेने की संभावना है।

इन खेलों में 25 खेल को शामिल किया गया है और भारतीय खिलाड़ी इनमें से 11 खेल में भाग लेंगे। भारत का 2010 में शुरू हुए इन खेलों में यह सबसे छोटा दल है। भारत ने पिछली बार इन खेलों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था।

उसने तब तीन स्वर्ण, नौ रजत और एक कांस्य सहित 13 पदक जीते थे। टेबल टेनिस खिलाड़ी सिंड्रेला दास और तैराक धिनिधि देसिंघु भारतीय टीम में शामिल कुछ प्रमुख नाम हैं। युवा ओलंपिक खेलों में भाग लेने वाले भारतीय खिलाड़ी इस प्रकार हैं: अविनाश शौर्य (महिला 100 मीटर बाधा दौड़), अंतरा (महिला बीच कुश्ती 65 किग्रा), अनुज (पुरुष बीच कुश्ती 70 किग्रा), खुशबू राजकभाई (महिला जूडो 63 किग्रा), सिंड्रेला दास (महिला टेबल टेनिस एकल), धिनिधि देसिंघु (महिला 100 मीटर फ्रीस्टाइल, 200 मीटर फ्रीस्टाइल, 200 मीटर व्यक्तिगत मेडले), गुंजन (महिला मुक्केबाजी 48 किग्रा), गाथा खड़के (महिला तीरंदाजी व्यक्तिगत), दीपांशु खोखर (पुरुष बीच कुश्ती 80 किग्रा), लैरेनलाकपामा अंबेकर (पुरुष मुक्केबाजी 50 किग्रा), श्रेष्ठ राजू (पुरुष घुड़सवारी व्यक्तिगत), प्रियांशी पाटिल (महिला विंडसर्फिंग), तन्वी पात्री (महिला बैडमिंटन एकल), तिरहंक पेगु (पुरुषों की 100 मीटर बटरफ्लाई, 200 मीटर बटरफ्लाई), राजकुमारी लांचेनबी चानू (महिलाओं की चांगक्वान संयुक्त स्पर्धा), रूपारेलिया देव (पुरुष बैडमिंटन एकल), तानिया (महिलाओं की बीच कुश्ती 75 किग्रा)।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़