India A के 346 रन के जवाब में New Zealand A ने बॉयल के शतक से बनाए 218/3

India A के 346 रन के जवाब में New Zealand A ने बॉयल के शतक से बनाए 218/3
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

क्राइस्टचर्च में भारत ए के 346 रन के स्कोर के बाद न्यूजीलैंड ए ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक तीन विकेट पर 218 रन बना लिए। शुरुआती झटकों के बाद मैथ्यू बॉयल ने नाबाद 107 और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने नाबाद 80 रन बनाकर 205 रन की अटूट साझेदारी की। भारत की पहली पारी में कप्तान ध्रुव जुरेल ने 105 रन और आकाश दीप ने 68 रन का योगदान दिया।

क्राइस्टचर्च, एक नवंबर मैथ्यू बॉयल के नाबाद शतक और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट के अर्धशतक की मदद से न्यूजीलैंड ए ने रविवार को यहां भारत ए के खिलाफ दूसरे अनौपचारिक टेस्ट के दूसरे दिन खराब शुरुआत से उबरते हुए तीन विकेट पर 218 रन बनाए। बॉयल 148 गेंदों पर 107 रन बनाकर खेल रहे हैं। उन्होंने अब तक अपनी पारी में 14 चौके और एक छक्का लगाया है।

फॉक्सक्रॉफ्ट 180 गेंदों पर 80 रन बनाकर खेल रहे हैं। उनकी पारी में नौ चौके शामिल हैं। इन दोनों ने चौथे विकेट के लिए 205 रन की अटूट साझेदारी करके न्यूजीलैंड की टीम को वापसी दिलाई।

इससे पहले भारतीय टीम ने कप्तान ध्रुव जुरेल (105) के शतक की मदद से अपनी पहली पारी में 346 रन बनाए। इस तरह से भारत अभी न्यूजीलैंड से 128 रन आगे है। न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही।

एक समय उसका स्कोर तीन विकेट पर 13 रन था। मोहम्मद सिराज और मुकेश कुमार ने उसे शुरुआती झटके दिए। सिराज ने कप्तान राइस मारियू (04) को आउट किया, जिन्हें जुरेल ने विकेट के पीछे कैच किया।

इसके बाद मुकेश ने कर्टिस हीफी (04) और टिम रॉबिन्सन (03) को आउट करके न्यूजीलैंड की टीम को मुश्किल में डाल दिया। लेकिन बॉयल और फॉक्सक्रॉफ्ट ने भारत को आगे कोई सफलता नहीं हासिल करने दी। भारतीय गेंदबाजों में मुकेश सबसे सफल रहे।

उन्होंने अब तक 16 ओवरों में 44 रन देकर दो विकेट लिए हैं जबकि सिराज ने अपने 16 ओवरों में 49 रन देकर एक विकेट लिया है। वाशिंगटन सुंदर और आकाश दीप को कोई विकेट नहीं मिला। इससे पहले भारत ए में सुबह अपनी पारी सात विकेट पर 291 रन से आगे बढ़ाई और इसमें 55 रन जोड़े।

पहले दिन 99 रन पर खेलने वाले जुरेल ने अपना शतक पूरा किया लेकिन इसके बाद वह जल्द ही आउट हो गए। उन्होंने 171 गेंदों का सामना किया और 11 चौके और तीन छक्के लगाए। आकाश दीप ने बल्लेबाजी में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

उन्होंने 116 गेंदों में 68 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और दो छक्के शामिल हैं। इसी भारतीय टीम 300 रन का आंकड़ा पार करने में सफल रही।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़