FIFA World Cup 2026: एम्बोलो-एनदोये के गोल से जीता स्विट्जरलैंड, Round of 16 में बनाई पक्की जगह

FIFA World Cup 2026
AI Generated

ब्रिल एम्बोलो और डैन एनदोये के गोल की मदद से स्विट्जरलैंड ने विश्व कप फुटबॉल में अल्जीरिया को 2-0 से हराकर अंतिम 16 में प्रवेश कर लिया है। अब स्विट्जरलैंड का अगला मुकाबला कोलंबिया और घाना के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा।

ब्रिल एम्बोलो और डैन एनदोये के गोल की मदद से स्विट्जरलैंड ने अल्जीरिया को 2-0 से हराकर विश्व कप फुटबॉल टूर्नामेंट के अंतिम 16 में जगह बनाई। स्विट्जरलैंड अगला मुकाबला कोलंबिया और घाना के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा। राउंड ऑफ 16 का मैच अगले मंगलवार को वैंकूवर में खेला जाएगा। स्विट्जरलैंड ने 1938 में फ्रांस में खेले गए विश्व कप के बाद नॉकआउट राउंड का कोई मैच नहीं जीता था, लेकिन 1954 में उसकी टीम ने प्लेऑफ मैच जीतकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी।

स्विट्जरलैंड की टीम पिछले तीन विश्व कप में अंतिम 16 में पहुंची थी लेकिन इससे आगे बढ़ने में नाकाम रही। अल्जीरिया 2014 के बाद पहली बार विश्व कप में भाग ले रहा था। वह 2014 में नॉकआउट राउंड तक पहुंचा था, लेकिन तब जर्मनी से हार गया था। अल्जीरिया ने बृहस्पतिवार की रात को खेले गए मैच में शुरुआती 10 मिनट तक दबदबा बनाए रखा था, लेकिन यहां पर स्विट्जरलैंड ने बढ़त बनाई और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। बेहतरीन फॉर्म में चल रहे योहान मंज़ाम्बी गेंद लेकर दाहिनी ओर से तेजी से आगे बढ़े और उन्होंने एम्बोलो को शानदार क्रॉस दिया।

एम्बोलो को उस पर गोल करने में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। एम्बोलो ने अपने 26वें अंतरराष्ट्रीय गोल का जश्न घुटनों के बल फिसलते हुए मनाया। स्विट्जरलैंड ने दूसरे हाफ के शुरू होते ही अपनी बढ़त दोगुनी कर दी। दूसरा हाफ शुरू हुए अभी एक मिनट भी नहीं हुआ था कि एनदोए ने बॉक्स के ऊपरी हिस्से से एक जोरदार शॉट लगाया। अल्जीरिया के गोलकीपर लुका जिदान ने गोता लगाकर उसे रोकने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे। फैबियन रीडर के पास 81वें मिनट में स्विट्जरलैंड के लिए तीसरा गोल करने का सुनहरा मौका था। जब गेंद तेजी से अल्जीरिया के गोल के पास से निकल रही थी तो उन्हें उसे केवल दिशा देनी थी लेकिन वह इसमें असफल रहे। फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो मैच देखने आए थे।

यह उनका दिन का दूसरा मैच था। इससे पहले वह कैलिफोर्निया के इंगलवुड में स्पेन और ऑस्ट्रिया के बीच खेले गए मैच को भी देखने पहुंचे थे। अल्जीरिया कैनसस सिटी में शनिवार को ऑस्ट्रिया के खिलाफ 3-3 से ड्रॉ खेलने के बाद अपने ग्रुप में तीसरे स्थान पर रहकर अगले दौर में पहुंचा था। इस परिणाम से दोनों टीमें नॉकआउट राउंड में पहुंच गईं थी जबकि ईरान टूर्नामेंट से बाहर हो गया था। अल्जीरिया के मौजूदा मुख्य कोच व्लादिमीर पेटकोविच ने 2014 से 2021 तक स्विट्जरलैंड को कोचिंग दी थी और 2018 में रूस में खेले गए विश्व कप में टीम को नॉकआउट राउंड में भी पहुंचाया था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़