Egypt Football ने कोच Hossam Hassan को हटाया, Ali Maher संभालेंगे जिम्मेदारी

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

काहिरा में मिस्र फुटबॉल संघ ने राष्ट्रीय टीम के कोच होसाम हसन को पद से बर्खास्त कर दिया है। महासंघ ने टीम की स्थिरता और छवि का हवाला देते हुए यह कदम उठाया। हसन के स्थान पर सेरामिका क्लियोपेट्रा के अनुभवी कोच अली माहेर को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

काहिरा, आठ नवंबर (एपी) मिस्र फुटबॉल संघ ने टीम की छवि पर नकारात्मक असर पड़ने का हवाला देते हुए राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के कोच होसाम हसन को बर्खास्त कर दिया है। मिस्र फुटबॉल संघ (ईएफए) ने अपने बयान में बर्खास्तगी के कारणों का विस्तार से खुलासा नहीं किया। हालांकि, उसने कहा कि ‘टीम की स्थिरता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इससे कोई समझौता नहीं किया जा सकता।’ मिस्र की मीडिया के अनुसार इस फैसले का संबंध हसन के निजी जीवन से अधिक है।

इससे पहले मिस्र के स्टार स्ट्राइकर मोहम्मद सलाह सहित कुछ खिलाड़ियों के साथ उनके मतभेदों की अटकलें लगाई जा रही थीं। मिस्र की सर्वोच्च मीडिया नियामक परिषद ने पिछले सप्ताह हसन के सभी मीडिया माध्यमों में आने पर प्रतिबंध लगा दिया था। किसी राष्ट्रीय टीम के कोच के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई अभूतपूर्व मानी जा रही है।

यह कदम हसन के निजी जीवन से जुड़े विवाद सार्वजनिक होने के बाद उठाया गया था। हसन को 2024 में मिस्र की राष्ट्रीय टीम का कोच नियुक्त किया गया था। वह इस साल विश्व कप में राष्ट्रीय टीम की कोचिंग करने वाले मिस्र के पहले पूर्व खिलाड़ी बने।

हालांकि मिस्र को अंतिम-16 मुकाबले में अर्जेंटीना के हाथों हारकर बाहर होना पड़ा था। मिस्र फुटबॉल संघ ने हसन की जगह अली माहेर को तत्काल प्रभाव से नया कोच नियुक्त किया है। माहेर मिस्र प्रीमियर लीग के अनुभवी कोच हैं और फिलहाल सेरामिका क्लियोपेट्रा की टीम को कोचिंग दे रहे हैं जो लीग में चौथे स्थान पर है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़