FIFA World Cup में ब्राजील का थ्रिलर, इंजरी टाइम में Martinelli के गोल ने जापान को किया बाहर

FIFA World Cup
ANI

विश्व कप के रोमांचक नॉकआउट मुकाबले में सब्स्टीट्यूट गैब्रियल मार्टिनेली ने इंजरी टाइम के अंतिम क्षणों में गोल कर ब्राजील को जापान पर 2-1 से यादगार जीत दिलाई। एक गोल से पिछड़ने के बाद कैसिमिरो के बराबरी के गोल और मार्टिनेली के निर्णायक प्रहार ने पांच बार के चैंपियन को अंतिम 16 में पहुंचा दिया।

 जब यह तय लग रहा था कि मैच अतिरिक्त समय तक खिंच जाएगा तब गैब्रियल मार्टिनेली ने इंजरी टाइम के आखिरी क्षणों में विजयी गोल करके पांच बार के चैंपियन ब्राजील को विश्व कप फुटबॉल टूर्नामेंट के राउंड ऑफ 32 में जापान पर 2-1 से रोमांचक जीत दिलाई। दूसरे हाफ में स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में मैदान पर उतरे मार्टिनेली ने निर्धारित समय के खेल के समापन की सीटी बजने से कुछ सेकंड पहले स्टॉपेज टाइम के छठे मिनट में गोल किया। जापान ने पहले हाफ में गोल करके ब्राजील को हतप्रभ कर दिया था जिसने अपने दोनों गोल दूसरे हाफ में किए।

ब्राजील के कोच कार्लो एंसेलोटी ने मार्टिनेली की जमकर तारीफ करते हुए कहा, ‘‘मार्टिनेली बेहद जोशीला खिलाड़ी है। जब वह मैदान पर उतरता है तो हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करता है।’’ ब्राजील का अंतिम 16 में मुकाबला रविवार को ईस्ट रदरफोर्ड, न्यू जर्सी में आइवरी कोस्ट या नॉर्वे में से किसी एक से होगा। एंसेलोटी ने कहा, ‘‘हम अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन आप कभी संतुष्ट नहीं हो सकते क्योंकि हम और बेहतर खेलना चाहते हैं। हम अपने खेल को चरम पर पहुंचाना चाहते हैं।’’ इससे पहले काइशू सानो ने 29वें मिनट में मिडफील्ड में ब्राजील के एक गलत पास का फायदा उठाकर गेंद पर नियंत्रण बनाया और बड़ी कुशलता से उसे आगे लेकर गए।

इसके बाद उन्होंने हाफ सर्कल के ऊपर से दाएं पैर से शॉट लगाकर जापान को बढ़त दिला दी। कैसिमिरो ने 56वें ​​मिनट में गैब्रियल मैगाल्हेस की मदद (असिस्ट) से हेडर से गोल करके ब्राजील को बराबरी दिलाई। उनका शॉट जापान के गोलकीपर ज़ायोन सुजुकी के फैले हुए हाथ से थोड़ा बाहर निकलकर नेट में चला गया। एंसेलोटी ने कहा, ‘‘कोई भी संपूर्ण नहीं होता और गलतियां होना स्वाभाविक है। लेकिन आपको उनसे पार पाकर आगे बढ़ना होगा।

टीम ने दूसरे हाफ में यही किया।’’ मौजूदा टूर्नामेंट में अभी तक चार गोल करने वाले विनीसियस जूनियर के पास 58वें मिनट में ब्राजील को बढ़त दिलाने का मौका था, लेकिन बाएं बॉक्स से लगाया गया उनका शॉट सुजुकी से टकराकर दूर वाले पोस्ट से जा लगा। दूसरे हाफ के स्टॉपेज टाइम के पहले ही मिनट में कैसिमिरो को पैर में चोट लगने के कारण मैदान से बाहर जाना पड़ा। दूसरे हाफ की शुरुआत में ही ब्राजील के पास स्कोर बराबर करने के दो मौके थे। पहले मौके पर 52वें मिनट में सुजुकी ने ब्रूनो गुइमारेस के हेडर को रोक दिया।

इसके तुरंत बाद कैसिमिरो का हेडर एक डिफेंडर के सिर से टकराकर सुजुकी के सुरक्षित हाथों में चला गया। सुजुकी ने कुल चार बचाव किए। ब्राजील के दिग्गज खिलाड़ी नेमार इस मैच में नहीं खेले। उन्होंने स्कॉटलैंड के खिलाफ पिछले मैच में स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में 2023 के बाद ब्राजील की तरफ से अपना पहला मैच खेला था।

उस मैच में वह 14 मिनट तक मैदान पर रहे। इससे पहले वह पिंडली की चोट के कारण ग्रुप चरण के पहले दो मैच में नहीं खेल पाए थे। यह ब्राजील की जापान के खिलाफ 15 मैचों में 12वीं जीत थी। दोनों टीमों के बीच दो मैच ड्रॉ रहे, जबकि जापान ने एक मैच जीता है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़