Relationship Problems: न झगड़ा और न ही ब्रेकअप की बात... ऐसे चुपचाप रिश्ते से बाहर निकल रहे हैं लोग

आजकल रिश्तों में साइलेंट ब्रेकअप का नया ट्रेंड बढ़ रहा है, जिसमें पार्टनर सीधे अलग होने के बजाय बातचीत और मिलना-जुलना घटाकर धीरे-धीरे दूरी बना लेता है। साथ समय न बिताना और भावनात्मक जुड़ाव कम होना इसके प्रमुख संकेत हैं। किसी रिश्ते को चुपचाप खत्म करने के बजाय खुलकर और स्पष्ट बातचीत करना बेहतर विकल्प है।
आजकल डेटिंग और रिलेशनशिप के ट्रेंड तेजी से बदल रहे हैं। पहले जब किसी रिश्ते में बात नहीं बनती थी तो कपल आमतौर पर बैठकर बात करते थे और आपसी सहमति से रिश्ता खत्म करते थे। लेकिन अब साइलेंट ब्रेकअप (Silent Breakup) का ट्रेंड भी देखने को मिल रहा है। साइलेंट ब्रेकअप में व्यक्ति सीधे अपने पार्टनर से यह नहीं कहता कि वह रिश्ता खत्म करना चाहता है। इसके बजाय वह धीरे-धीरे पार्टनर से दूरी बनाना शुरू कर देता है। बातचीत कम हो जाती है, मिलना-जुलना घट जाता है और धीरे-धीरे दोनों के बीच भावनात्मक दूरी बढ़ने लगती है।
क्या है साइलेंट ब्रेकअप ट्रेंड?
साइलेंट ब्रेकअप को कई बार सॉफ्ट एग्जिट भी कहा जाता है। इसमें कोई बड़ा झगड़ा या साफ तौर पर ब्रेकअप की घोषणा नहीं होती। एक पार्टनर धीरे-धीरे रिश्ते से अपना जुड़ाव कम करता जाता है।
शुरुआत में साथ मिलने के प्लान कम होते हैं। इसके बाद फोन और मैसेज पर बातचीत घटने लगती है। धीरे-धीरे पार्टनर अपनी जिंदगी की बातें शेयर करना बंद कर देता है और रिश्ते में पहले जैसी नजदीकी महसूस नहीं होती।
साइलेंट ब्रेकअप के क्या हैं संकेत?
अगर आपको लग रहा है कि आपका पार्टनर पहले की तुलना में काफी बदल गया है, तो कुछ संकेतों पर ध्यान देना जरूरी है। हालांकि, इनमें से कोई एक संकेत अकेले यह साबित नहीं करता कि पार्टनर ब्रेकअप करना चाहता है। लगातार कई बदलाव दिखें तो इस बारे में खुलकर बातचीत करना बेहतर है।
इसे भी पढ़ें: Emotional Intimacy Tips: सिर्फ फिजिकल क्लोजनेस नहीं, दिलों की दूरी भी मिटाना जरूरी, ऐसे मजबूत करें इमोशनल कनेक्शन
साथ समय बिताने से बचना
अगर पार्टनर पहले आपसे मिलने के लिए उत्साहित रहता था, लेकिन अब बार-बार मिलने के प्लान कैंसिल करने लगा है, तो यह रिश्ते में दूरी का संकेत हो सकता है। आप डेट या साथ घूमने का प्लान बनाते हैं, लेकिन सामने वाला हर बार काम, दोस्तों या किसी दूसरी वजह का बहाना बनाकर प्लान टाल देता है। रिश्ते में साथ समय बिताने की इच्छा कम होना एक ऐसा बदलाव है, जिसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
बातचीत में आने लगेगी कमी
साइलेंट ब्रेकअप का एक बड़ा संकेत बातचीत का कम होना भी है। पार्टनर आपसे बात तो करेगा, लेकिन ऐसा महसूस हो सकता है कि वह सिर्फ औपचारिकता निभा रहा है। वह आपकी बातों, भावनाओं या दिनभर की चीजों में पहले जैसी दिलचस्पी नहीं दिखाएगा। साथ ही, अपनी जिंदगी में क्या चल रहा है या उसे किस तरह की परेशानी हो रही है, यह भी आपसे शेयर करने से बच सकता है।
रिश्ते में एफर्ट कम होना
रिश्ता चलाने के लिए दोनों पार्टनर्स का एफर्ट जरूरी होता है। लेकिन अगर एक पार्टनर की तरफ से समय, ध्यान, बातचीत और भावनात्मक जुड़ाव लगातार कम होता जा रहा है, तो यह चिंता की बात हो सकती है।
आसान शब्दों में कहें तो आपको लगने लगे कि रिश्ता सिर्फ आपकी कोशिशों से चल रहा है और सामने वाला इसे बचाने के लिए कोई खास प्रयास नहीं कर रहा, तो इस बदलाव पर ध्यान देना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: हर बार गलत इंसान से प्यार हो जाता है? Dating Coach के ये 6 नियम बदल देंगे आपकी Love Life
रिश्ते से ज्यादा दूसरी चीजें बन जाएं प्राथमिकता
अगर पार्टनर की जिंदगी में काम, दोस्त और दूसरे प्लान हमेशा आपकी तुलना में ज्यादा जरूरी नजर आने लगें, तो यह भी रिश्ते में दूरी का संकेत हो सकता है। वह अपने ज्यादातर प्लान में आपको शामिल नहीं करता और साथ समय बिताने के बजाय दूसरी चीजों को प्राथमिकता देता है। अगर यह बदलाव लगातार बना हुआ है, तो पार्टनर से खुलकर बात करना जरूरी है।
साइलेंट ब्रेकअप से बेहतर है खुलकर बात करना
हर बार पार्टनर का दूर होना ब्रेकअप का संकेत नहीं होता। काम का तनाव, निजी परेशानियां या दूसरी वजहें भी रिश्ते में दूरी पैदा कर सकती हैं। इसलिए किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पार्टनर से शांत तरीके से बात करना बेहतर है।
किसी रिश्ते को बिना बताए धीरे-धीरे खत्म करने के बजाय अपनी भावनाओं और परेशानियों के बारे में साफ बात करना दोनों पार्टनर्स के लिए बेहतर तरीका हो सकता है।
अन्य न्यूज़














