उत्तर प्रदेश में सुधरी कानून व्यवस्था, महिला श्रम भागीदारी 36 फीसदी पहुंची: CM Yogi

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था की वजह से रात में भी बाजार सुरक्षित रूप से खुल रहे हैं। उन्होंने बताया कि 2017 में राज्य में महिला श्रम बल भागीदारी लगभग 13 प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर 36 प्रतिशत हो गई है। पूर्ववर्ती सरकारों की नीतियों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि अपराध पर जीरो टॉलरेंस से व्यापार और महिला सुरक्षा दोनों मजबूत हुए हैं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को राज्य की बेहतर कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए कहा कि प्रदेश में रात के समय जगमगाते बाजार और व्यावसायिक प्रतिष्ठान व्यापारियों के बढ़ते विश्वास के प्रतीक हैं। योगी ने दावा किया कि महिलाओं की सुरक्षा में सुधार के साथ उनकी आर्थिक भागीदारी भी बढ़ी है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से पहले अपने आधिकारिक सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में योगी ने कहा कि रात्रिकालीन पाली में महिलाएं निर्भय होकर कार्यस्थलों पर अपनी जिम्मेदारियां निभा रही हैं।

उनका आत्मविश्वास पूरे समाज की प्रगति का प्रतीक है। पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले अपराध और असुरक्षा के कारण सूर्यास्त के साथ ही व्यापारिक गतिविधियां सीमित होने लगती थीं और देर रात तक काम करने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर परिवार चिंतित रहते थे। योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने अपराध और अपराधियों के प्रति कतई बर्दाश्त नहीं की नीति अपनाकर कानून-व्यवस्था मजबूत की और महिला सुरक्षा को प्राथमिकता दी।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि वर्ष 2017 में प्रदेश में महिला श्रम बल भागीदारी लगभग 13 प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर 36 प्रतिशत हो गई है। उन्होंने कहा कि आज बाजार रात में भी खुले रहते हैं, व्यापारियों को कारोबार विस्तार के अवसर मिल रहे हैं और महिलाएं सुरक्षित वातावरण में आगे बढ़ रही हैं। इसे उन्होंने महिलाओं के बढ़ते आत्मविश्वास, आर्थिक सामर्थ्य और स्वावलंबन के साथ सुरक्षा से समृद्धि की ओर बढ़ते नए उत्तर प्रदेश की पहचान बताया।

भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुक्रवार को यहां डॉ. राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय के सभागार में प्रस्तावित है। इसका उद्घाटन भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़