UP विधान परिषद की 11 सीटों पर मंगलवार सुबह 8 बजे से शुरू होगी Counting

उत्तर प्रदेश विधान परिषद के 11 शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक चुनाव की मतगणना मंगलवार को होगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर 24 घंटे निर्बाध बिजली, सीसीटीवी निगरानी और पर्याप्त सुरक्षा के कड़े निर्देश दिए हैं।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक चुनाव-2026 की मतगणना निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित निर्वाचन अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मतगणना मंगलवार को सुबह आठ बजे से प्रारंभ होगी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने निर्देश दिए कि मतगणना केंद्रों पर मतगणना समाप्त होने तक 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर ऑटो स्विच जनरेटर आदि भी उपलब्ध रखे जाएं, ताकि किसी भी परिस्थिति में मतगणना का काम बाधित न हो।
उन्होंने मतगणना केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती, प्रक्रिया की निगरानी के लिए वीडियोग्राफी और सीसीटीवी की व्यवस्था तथा मतगणना में लगाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी समय से निर्धारित करने के निर्देश दिए हैं। रिणवा ने बताया कि मतगणना केंद्रों में किसी अनधिकृत व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति न दी जाए और प्रत्येक मतगणना मेज पर पर्याप्त स्टेशनरी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने बताया कि एकल संक्रमणीय मत प्रणाली के तहत आनुपातिक प्रतिनिधित्व की व्यवस्था के कारण मतगणना में अधिक समय लगने की संभावना को देखते हुए पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आरक्षित ड्यूटी पर भी रखा जाए।
रिणवा ने उम्मीदवारों को मतगणना अभिकर्ताओं की नियुक्ति संबंधी दिशा-निर्देशों की जानकारी देने और उनके लिए आवश्यक बैज की व्यवस्था करने को भी कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतगणना का पूरा काम निर्धारित नियमों और भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप कराया जाए तथा किसी भी तरह की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लिया जाएगा।
अन्य न्यूज़














