पंजाब चुनाव के लिए Rahul Gandhi संगरूर से करेंगे प्रचार की शुरुआत, 4 नवंबर को विशाल रैली

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

कांग्रेस नेता राहुल गांधी चार नवंबर को संगरूर में 'हिसाब मांगो' रैली को संबोधित करेंगे। पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने जानकारी दी कि इसके साथ ही 2027 के राज्य विधानसभा चुनाव के अभियान का आगाज होगा। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरेंगे।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी के चार नवंबर को पंजाब के संगरूर में ‘हिसाब मांगो’ रैली को संबोधित करने के साथ ही 2027 के राज्य विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के प्रचार अभियान की शुरुआत होगी। कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने सोमवार को यह जानकारी दी। वेणुगोपाल ने कहा कि पंजाब कांग्रेस के सभी नेता एकजुट होकर विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।

वेणुगोपाल ने पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, जिला इकाई अध्यक्षों, विधायकों, सांसदों और अन्य नेताओं के साथ कई बैठकें कीं। इस दौरान उन्होंने विधानसभा चुनावों की तैयारियों के साथ-साथ राहुल गांधी के पंजाब दौरे पर चर्चा की। पंजाब कांग्रेस के नेताओं ने सोमवार को एकजुटता दिखाई।

कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी और अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह कार में साथ बैठे नजर आए। कार कांग्रेस महासचिव और पंजाब प्रभारी सचिन पायलट चला रहे थे, जबकि वेणुगोपाल उनकी बगल वाली सीट पर बैठे थे। पायलट ने कहा कि चुनाव की तैयारियों के लिए पूरी पार्टी एकजुट है और पंजाब इकाई के सभी वरिष्ठ नेताओं ने बाजवा के घर पर दोपहर का खाना खाया।

उन्होंने कहा, ‘‘ मैं गाड़ी चला रहा था और वेणुगोपाल जी आगे मेरे साथ बैठे थे। यह बाजवा की कार थी; वडिंग और चन्नी भी साथ बैठे थे। कांग्रेस की पूरी टीम पंजाब को बचाएगी।’’ वेणुगोपाल ने एक सवाल के जवाब में कहा कि कांग्रेस एक लोकतांत्रिक दल है।

उन्होंने कहा, ‘‘ पार्टी में कोई तानाशाही नहीं है। विचारों में कुछ मतभेद हो सकते हैं, लेकिन चुनावों के दौरान सिर्फ एक ही फैसला होता है कि हम सब मिलकर लड़ेंगे और जीतेंगे।’’ वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘ हम सब साथ हैं और मिलकर लड़ेंगे। सभी नेता अपने मतभेदों को एक तरफ रख देंगे।

हमारा सिर्फ एक ही लक्ष्य है और वह है पंजाब में चुनाव जीतना।’’ कांग्रेस ने प्रदेश नेतृत्व को लेकर पार्टी में लंबे समय से जारी कलह के बीच वडिंग की जगह परगट सिंह को हाल में प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया था। वेणुगोपाल ने भगवंत मान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति ‘‘ पूरी तरह से चरमरा गई है ’’ और राज्य मादक पदार्थ माफिया का केंद्र बनता जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘ हमारा लक्ष्य पंजाब को जीतना और उसे इन तमाम बुराइयों से बचाना है।

कांग्रेस पार्टी को पूरा भरोसा है कि वह पंजाब में सरकार बनाने जा रही है।’’ वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘ हमारे नेता राहुल गांधी चार नवंबर को यहां आ रहे हैं। एक बहुत बड़ी रैली होगी। पंजाब के लोगों के साथ उनका (राहुल) बहुत शानदार जुड़ाव है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ अब पूरे भारत में लोग, खासकर जेन-जी, राहुल के दृष्टिकोण और विचारों का पूरी तरह से समर्थन कर रहे हैं।

मुझे लगता है कि पंजाबी भी चार नवंबर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।’’ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए कि दिसंबर 2029 तक नशीले पदार्थों की समस्या खत्म हो जाएगी, वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘यह सबसे बड़ा मजाक है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ पिछले 13 वर्षों से वे (भाजपा) देश पर राज कर रहे हैं। पंजाब की सीमा की रखवाली कौन कर रहा है और वहां मादक पदार्थ कैसे आ रहे हैं? पंजाब में गैंगस्टर को कौन बचा रहा है?

हर बच्चा जानता है कि गैंगस्टर को कौन बचा रहा है और कौन उनका साथ दे रहा है।’’ वेणुगोपाल ने कहा कि पंजाब में शांति और सांप्रदायिक सद्भाव की रक्षा करना कांग्रेस की प्राथमिकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने लगभग पांच वर्षों में राज्य को बर्बादी के कगार पर धकेल दिया है। पायलट ने कहा कि चुनाव तैयारियों को लेकर पार्टी एकजुट है।

उन्होंने मादक पदार्थों की समस्या और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर ‘आप’ सरकार पर निशाना साधा। पायलट ने कहा, ‘‘ बदलाव जरूर आएगा।’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो ‘आप’ की पोल खोल रही है और उसे जवाबदेह ठहरा रही है। प्रधानमंत्री के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ‘बाप’ वाली टिप्पणी पर मचे विवाद के बीच वेणुगोपाल ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष ने केवल नरेन्द्र मोदी के वैचारिक पिता यानी आरएसएस (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) का जिक्र किया था।

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘यह एक वैचारिक हमला था, न कि कोई व्यक्तिगत हमला।’’ उन्होंने अगस्त में खरगे के उत्तराखंड में एक सभा को संबोधित करने के बाद एक दक्षिणपंथी समूह की ओर से किए गए कथित ‘शुद्धिकरण’ अनुष्ठान को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला। बाजवा ने कहा कि पंजाब को बचाने और राज्य के हितों की रक्षा करने के लिए कांग्रेस के सभी नेता और कार्यकर्ता एकजुट हैं। उन्होंने कहा कि ‘आप’ सरकार की ‘‘जन-विरोधी नीतियों और विफलताओं’’ को जनता के सामने उजागर किया जाएगा।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़