UP Governor Anandiben Patel ने 15 पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित, समाज सुधार में योगदान का दिया संदेश

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित 'टाइम्स सम्मान समारोह' के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 15 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने पुलिस बल से कानून-व्यवस्था संभालने के साथ-साथ नशामुक्ति, शिक्षा और स्वच्छता जैसे सामाजिक सुधारों में भी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने शुक्रवार को कहा कि पुलिसकर्मी सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव के भी वाहक बनें। जन भवन से जारी एक बयान के मुताबिक उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शुक्रवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के वीरांगना लक्ष्मीबाई प्रेक्षागृह में आयोजित ‘टाइम्स सम्मान समारोह’ में विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 15 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया। ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ समूह द्वारा आयोजित इस समारोह में राज्यपाल ने पुलिसकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा, साहस और सेवा भावना की सराहना करते हुए उन्हें अपनी नियमित जिम्मेदारियों के साथ नशामुक्ति, शिक्षा, स्वच्छता और अन्य सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

राज्यपाल ने पुलिस अधिकारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि उनमें अनेक प्रकार की प्रतिभाएं होती हैं जिनका उपयोग केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं रहना चाहिए। पटेल ने आह्वान किया कि पुलिसकर्मी स्वेच्छा से विद्यालयों में जाकर बच्चों को पढ़ाने, अनुशासन सिखाने और सामाजिक गतिविधियों में सहयोग कर सकते हैं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज का अवसर इन कर्मयोगियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का है।

पटेल ने कहा, ‘‘हमारे पुलिसकर्मी दिन-रात जनसुरक्षा और कानून-व्यवस्था के दायित्वों का निर्वहन करते हैं। उनके परिवारों, विशेषकर उनकी बेटियों के स्वास्थ्य की चिंता करना, उनके प्रति हमारी कृतज्ञता सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचायक है।’’ राज्यपाल ने कहा कि पुलिस की वर्दी के पीछे एक ऐसा व्यक्तित्व होता है, जो अपने व्यक्तिगत सुखों, पारिवारिक समय और अनेक इच्छाओं को पीछे छोड़कर समाज की सुरक्षा को सर्वोपरि रखता है। राज्यपाल ने जन भवन में संचालित विद्यालय का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां वंचित परिवारों के लगभग 450 बच्चों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जा रही है।

बयान के अनुसार समारोह में राज्यपाल ने अपर पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय एवं महिला अपराध) स्नेहा तिवारी, पंकज कुमार, निरीक्षक अभय प्रताप सिंह, अल्पी सिंह, उपनिरीक्षक प्रभात मिश्रा, विनीत कुमार, मंगल सिंह, सुमन सिंह, पुष्पेंद्र कुमार, सिद्धांत सेठ एवं सिद्धनाथ सिंह सहित कई पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़