सुरक्षा चिंताओं के कारण IndiGo ने Saudi Arabia की उड़ानें 31 अक्टूबर तक रोकीं

भारतीय विमानन कंपनी इंडिगो ने सुरक्षा चिंताओं को देखते हुए सऊदी अरब के लिए अपनी सभी उड़ानों के निलंबन को 31 अक्टूबर तक बढ़ा दिया है। रियाद स्थित भारतीय दूतावास के अनुसार, रियाद की उड़ानें 31 अक्टूबर तक जबकि जेद्दा, दम्माम और मदीना की सेवाएं 27 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी। विदेश मंत्रालय प्रभावित भारतीय उमरा तीर्थयात्रियों की सुरक्षित वापसी के लिए एयरलाइंस से समन्वय कर रहा है।
भारतीय विमानन कंपनी ‘इंडिगो’ ने सुरक्षा संबंधी चिंताओं के बीच सऊदी अरब के लिए अपनी उड़ानों के निलंबित रहने की अवधि बढ़ाकर 31 अक्टूबर कर दी है। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘रियाद आने-जाने वाली इंडिगो की उड़ानें 31 अक्टूबर 2026 तक रद्द रहेंगी, जबकि जेद्दा, दम्माम और मदीना आने-जाने वाली उड़ानें 27 अक्टूबर 2026 तक रद्द रहेंगी।’’ यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों द्वारा सऊदी अरब के हवाई अड्डों, ऊर्जा प्रतिष्ठानों और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों को निशाना बनाकर ड्रोन और मिसाइल हमले तेज किए जाने के बीच उड़ानें प्रभावित हुई हैं।
उड़ानें रद्द करने की अवधि बढ़ाने का यह फैसला बुधवार को दम्माम स्थित किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले के बाद आया है। इस हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई थी और दो अन्य घायल हो गए थे। अन्य भारतीय विमानन कंपनियों ने भी इससे पहले सऊदी अरब से आने-जाने वाली उड़ानों का निलंबन बढ़ाया था।
एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब के लिए 24 अक्टूबर तक उड़ानें निलंबित कर दी हैं। आकासा एयर ने जेद्दा जाने-आने वाली उड़ानों के निलंबन को 10 नवंबर तक और रियाद आने-जाने वाली उड़ानों के निलंबन को 30 नवंबर तक बढ़ा दिया है। उड़ानों में रुकावट के कारण उमरा पर गए भारतीय तीर्थयात्री भी प्रभावित हुए हैं।
इसे देखते हुए विदेश मंत्रालय ने विमानन कंपनियों और ‘टूर ऑपरेटर’ के साथ समन्वय किया है, ताकि तीर्थयात्रियों की जल्द वापसी सुनिश्चित की जा सके। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि रियाद में भारतीय दूतावास और जेद्दा में महावाणिज्य दूतावास विमानन कंपनियों और ‘टूर ऑपरेटर’ के साथ मिलकर काम कर रहे हैं, ताकि प्रभावित तीर्थयात्रियों की जल्द से जल्द वापसी का प्रबंध किया जा सके।
अन्य न्यूज़













