Voter Slip विवाद: UP CEO Navdeep Rinwa ने X पर तीखी टिप्पणी को लेकर मांगी माफी

CEO Navdeep Rinwa
ANI

उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर की गई विवादित टिप्पणियों के लिए माफी मांगी है। गलत मतदाता पर्ची और जातिगत पक्षपात के आरोपों पर दी गई प्रतिक्रिया की भाषा को उन्होंने आधिकारिक मानकों के प्रतिकूल माना। उन्होंने आहत लोगों से खेद जताते हुए भविष्य में मर्यादित और औपचारिक संवाद का भरोसा दिया है।

उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने गलत मतदाता पर्ची को लेकर जातिगत पक्षपात के आरोपों पर सोशल मीडिया मंच पर की गई टिप्पणी के संबंध में मंगलवार को सफाई देते हुए कहा कि पोस्ट की भाषा आधिकारिक संचार के अपेक्षित मानकों के अनुरूप नहीं थी। उत्तर प्रदेश के मुख्‍य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिणवा के आधिकारिक ‘एक्‍स’ हैंडल पर हालिया टिप्पणियों को लेकर लोगों ने आपत्ति दर्ज कराई और इस हैंडल को संचालित करने वाले को लेकर भी सवाल उठाए। 

सीईओ ने मंगलवार को ‘एक्‍स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘इस हैंडल के उद्धृत पोस्ट में टिप्पणियों की भाषा के स्तर और भाव और इनकी तीखी प्रकृति इस आधिकारिक हैंडल से अपेक्षित संचार की प्रकृति के अनुरूप नहीं है।’’ इसी पोस्ट में यह भी कहा गया, ‘‘पोस्ट में टिप्पणियों से उत्पन्न वास्तविक आक्रोश को अच्छी तरह से नोट किया गया है। हम इससे आहत और नाराज लोगों से ईमानदारी से माफी मांगते हैं। 

अब से हमारा संचार शालीन और औपचारिक होगा।’’ सीईओ ने एक दिन पूर्व अपने ‘एक्‍स’ हैंडल पर की गई उस टिप्पणी को भी साझा किया, जिसे लेकर सर्वाधिक आपत्ति की गई थी। गलत मतदाता पर्ची को लेकर जातिगत पक्षपात के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए सीईओ ने सोमवार को कहा था कि कंप्यूटर या सॉफ्टवेयर जातिवादी नहीं होते।

 उन्होंने हाल में हुए विधान परिषद चुनाव में मतदाता सूची में ‘‘राम ने शर्मा को मारा’’ जैसे अजीबोगरीब नाम की प्रविष्टि पर अपनी सफाई के साथ साथ व्यंग्यात्मक टिप्पणी करते हुए कहा कि भगवान का यह शुक्र है कि राम ने किसी अल्पसंख्यक को नहीं मारा, अन्यथा जातिवादी होने के साथ-साथ सांप्रदायिक होने का इल्जाम भी लगता। सीईओ ने आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद संजय सिंह द्वारा निर्वाचन आयोग के लिए किए गये सवालों का जवाब देते हुए अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर एक पोस्ट में यह टिप्पणी की थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़