Tamil Nadu Prison Department ने कैदियों को भागने से रोकने के लिए हथियारों के इस्तेमाल की दी मंजूरी

Tamil Nadu Prison Department ने कैदियों को भागने से रोकने के लिए हथियारों के इस्तेमाल की दी मंजूरी
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

थेनी जिला जेल से सत्रह कैदियों के फरार होने के बाद तमिलनाडु जेल विभाग ने कर्मचारियों को सुरक्षा के लिए बंदूक चलाने की अनुमति दे दी है। पुलिस ने पर्वतीय इलाके से दो और भागे हुए कैदियों को दबोच लिया है, जिससे पकड़े गए बंदियों की संख्या 15 हो गई है। राज्य की सभी 125 जेलों के वॉचटावर पर अब हथियारबंद जवान तैनात किए जा रहे हैं।

तमिलनाडु के थेनी जिले में कैदियों के जेल से फरार होने की बड़ी घटना के बाद राज्य के जेल विभाग ने अपने कर्मचारियों को जरूरत पड़ने पर कैदियों को भागने से रोकने के लिए हथियारों के इस्तेमाल की अनुमति दे दी है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस महानिदेशक (जेल) संदीप राय राठौर ने निर्देश जारी किए हैं, जिनके तहत जेल के सुरक्षाकर्मी कैदियों के फरार होने जैसी घटनाओं को रोकने के लिए स्थिति के अनुसार बंदूकों का इस्तेमाल कर सकते हैं।

थेक्कम्पट्टी स्थित थेनी जिला जेल से 26 अक्टूबर को देर रात 17 कैदियों के भाग निकलने की चौंकाने वाली घटना के बाद कड़े सुरक्षा इंतजाम के आदेश दिए गए हैं और पूरे राज्य में अलर्ट जारी किया गया है। पुलिस ने बताया कि इस बीच थेनी जिला जेल से फरार हुए दो और कैदियों को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया, जिससे पुन: पकड़े गए कैदियों की संख्या अब 15 हो गई है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए कैदियों की पहचान पोनमुथु सेलवन और रेजिन के रूप में हुई है।

सोमवार रात को कैदियों ने चिकित्सा संबंधी आपात स्थिति का नाटक करके जेल से भागने की साजिश की थी। उन्होंने ऐसे दर्शाया जैसे उनमें से एक कैदी को मिर्गी का दौरा पड़ा है और उसे तुरंत चिकित्सीय मदद की जरूरत है। जब एक सुरक्षाकर्मी मदद के लिए कैदियों की कोठरी में आया तो उन्होंने उसे काबू में कर लिया और उस पर हमला कर दिया।

इसके बाद उन्होंने मुख्य गेट की चाबियां छीन लीं, दरवाजा खोला और पास के वन क्षेत्र में भाग गए। इस बीच, तमिलनाडु पुलिस ने कैदियों को पकड़ने के लिए पूरे इलाके और पड़ोसी जिलों में 17 विशेष टीम, विशेष कार्य बल की पांच इकाइयों और निगरानी ड्रोन को तैनात कर व्यापक तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों ने 27 अक्टूबर तक 17 फरार कैदियों में से 13 को फिर से पकड़ लिया था।

जेल परिसर के पास अमाचियापुरम के पर्वतीय इलाके में फरार कैदियों के छिपे होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पर्वतीय क्षेत्रों में तलाश अभियान तेज कर दिया और पोनमुथु सेलवन तथा रेजिन को पकड़ लिया। फरार शेष दो कैदियों को पकड़ने के लिए तलाश अभियान जारी है। इस बीच, सूत्रों ने बताया कि थेनी की घटना के बाद राज्य की 125 जेल में निगरानी के लिए बने ‘वॉचटावर’ पर हथियारबंद सुरक्षाकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

सूत्रों के अनुसार, कैदियों के भागने की कोशिश करने पर हथियारों के इस्तेमाल की अनुमति देने का स्पष्ट फैसला किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि कड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल से जुड़े विस्तृत निर्देश जारी किए जा रहे हैं। इनमें ऊंचे वॉचटावर से हथियारबंद सुरक्षाकर्मियों द्वारा लगातार निगरानी करना भी शामिल है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़