हिंगोली के पलशी में Latur Crime Branch पर भीड़ का हमला, 6 पुलिसकर्मी घायल

महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में चोरी के संदिग्ध आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर देर रात नौ लोगों ने डंडों और लोहे की छड़ों से हमला कर दिया। इस हमले में छह पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार दिलाया गया है। हट्टा थाना पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में सचिन शिंदे समेत नौ लोगों पर मामला दर्ज किया है।
महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के पलशी गांव में चोरी के एक संदिग्ध आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर बृहस्पतिवार को भीड़ ने कथित तौर पर हमला कर दिया, जिसमें छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना देर रात करीब दो बजे हुई, जब सहायक पुलिस निरीक्षक पांडुरंग माने के नेतृत्व में लातूर स्थानीय अपराध शाखा की एक टीम लातूर जिले में दर्ज चोरी के एक मामले में कथित रूप से शामिल संदिग्ध आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए गांव पहुंची।
पुलिस के अनुसार, संदिग्ध आरोपी को हिरासत में लेने के लिए पुलिसकर्मियों के गांव पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद नौ लोगों ने कथित तौर पर डंडों और लोहे की छड़ों से पुलिस दल पर हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद, पास के हट्टा पुलिस थाने के कर्मी गांव पहुंचे और घायल पुलिसकर्मियों को नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
प्रारंभिक उपचार के बाद पुलिस दल लातूर लौट गया। पुलिस ने बताया कि हट्टा पुलिस ने सरकारी कर्मचारियों को उनके कर्तव्यों के निर्वहन में कथित तौर पर बाधा डालने के आरोप में सुदर्शन शिंदे, राजू शिंदे, विक्की शिंदे और सचिन शिंदे समेत नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों का पता लगाने के लिए तीन टीमों को तैनात किया गया है।
अन्य न्यूज़













