Shiv Sena नेता मीनाक्षी शिंदे ने ठाणे महिला इकाई प्रमुख पद से दिया इस्तीफा

पूर्व महापौर मीनाक्षी शिंदे ने शिवसेना की ठाणे जिला महिला इकाई प्रमुख के पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को पत्र भेजकर कहा कि यह कदम पार्टी की प्रतिष्ठा बचाने के लिए उठाया गया है। इससे दो दिन पहले पुलिस ने शिवसेना उबाठा नेता प्रदीप पूर्णेकर हत्याकांड में उनसे पूछताछ की थी।
पूर्व महापौर और शिवसेना नेता मीनाक्षी शिंदे ने बृहस्पतिवार को पार्टी की ठाणे जिला महिला इकाई की प्रमुख के पद से इस्तीफा दे दिया। इससे दो दिन पहले पुलिस ने शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के पदाधिकारी प्रदीप पूर्णेकर की हत्या के सिलसिले में उनसे पूछताछ की थी। महाराष्ट्र के उपमुख्य मंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे को लिखे पत्र में मीनाक्षी ने कहा कि वह गुस्से में नहीं, बल्कि पार्टी की प्रतिष्ठा की रक्षा करने और दुर्भावनापूर्ण आरोपों के आधार पर विपक्षी दलों को नेतृत्व को घेरने से रोकने के लिए पद छोड़ रही हैं।
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब विपक्षी महा विकास आघाडी (एमवीए) और मृतक के शोकाकुल परिजन लगातार मीनाक्षी और उनके पति राजेंद्र को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने 29 सितंबर को प्रदीप पूर्णेकर की हत्या के पीछे दोनों का हाथ होने का आरोप लगाया है। मीनाक्षी और उनके पति ने इन आरोपों को लगातार खारिज किया है।
मामले की जांच कर रही ठाणे पुलिस की एसआईटी ने अब तक पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, लेकिन अधिकारी अभी तक पूर्णेकर की हत्या के पीछे का मकसद पता नहीं लगा पाए हैं। पूर्णेकर शहर में शिवसेना (उबाठा) के मानपाडा मंडल के प्रमुख थे।
अन्य न्यूज़













