Lucknow में सड़क धंसने से 2 बाइक सवार घायल, Kanpur में भी ढहा नाला

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

लखनऊ विश्वविद्यालय मार्ग पर पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा के आवास के बाहर अचानक सड़क धंसने से बाइक सवार दो लोग गहरे गड्ढे में गिरकर घायल हो गए। नगर निगम और पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। वहीं कानपुर के हर्ष नगर में भी भारी बारिश के बाद नाले की दीवार ढहने से बड़ा गड्ढा हो गया।

लखनऊ/कानपुर, दो सितंबर उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भाजपा के राज्यसभा सदस्य दिनेश शर्मा के लखनऊ स्थित आवास के बाहर बुधवार को सड़क का एक हिस्सा धंस जाने से दो लोग घायल हो गए। ऐसी ही एक घटना मंगलवार को कानपुर में भी हुई थी, जहां भारी बारिश के बीच एक ढका हुआ नाला धंस गया था। यह घटना लखनऊ विश्वविद्यालय मार्ग पर हुई, जहां सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस गया और कई फुट गहरा गड्ढा बन गया।

दोपहिया वाहन पर सवार दो राहगीर गड्ढे में गिर गए और घायल हो गए। घायलों के भाई अभय प्रजापति ने ‘पीटीआई वीडियो’ को बताया, ‘‘मेरे भाई कैसरबाग की ओर से आ रहे थे, तभी उनकी मोटरसाइकिल सड़क के धंसे हुए हिस्से में गिर गई। वे दोनों अस्पताल में भर्ती हैं।’’ सूचना मिलते ही पुलिस और लखनऊ नगर निगम (एलएमसी) के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा किसी और दुर्घटना को रोकने के लिए इलाके की घेराबंदी कर दी।

घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, सड़क धंसने की वजह भूमिगत पाइपलाइन या जल निकासी व्यवस्था में रिसाव हो सकता है। धंसी हुई सड़क की मरम्मत का काम जारी है।

एक अधिकारी ने कहा कि कानपुर में, हर्ष नगर इलाके में मंगलवार को भारी बारिश के बीच एक ढके हुए नाले की दीवार ढह गयी, जिससे लगभग 25 फुट लंबा और 10 फुट गहरा गड्ढा हो गया और सड़क का बमुश्किल दो फीट हिस्सा बचा रह गया। ब्रह्म नगर-ईदगाह रोड पर नाला पहली बार एक सप्ताह पहले ढह गया था। ताजा भूस्खलन से निवासियों में दहशत फैल गई और जल विभाग को आसपास बैरिकेडिंग मजबूत करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

कानपुर नगर निगम (केएमसी) की टीम द्वारा सड़क की मरम्मत का काम जारी है। सहायक अभियंता (जल) रवि प्रताप सिंह ने कहा, बारिश के कारण मिट्टी गीली हो गई और मजदूर दिन में गड्ढे में नहीं उतर सके। लोहे की शटरिंग का काम शाम को शुरू किया गया।

All the updates here:

अन्य न्यूज़