Rajasthan Urban Local Body Elections: 162 निकायों में पहले चरण का मतदान जारी

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

राजस्थान में 162 शहरी स्थानीय निकायों के लिए सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया है। पहले चरण में पार्षद के 5393 पदों के लिए 20,000 से अधिक उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वोटों की गिनती 14 सितंबर को होगी।

जयपुर, नौ सितंबर राजस्थान में शहरी स्थानीय निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए मतदान बुधवार को शुरू हो गया। राज्यभर के 162 नगर निकायों में मतदान हो रहा है, जिनमें जयपुर जिले के 18 निकाय भी शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक जारी रहेगा।

पहले चरण में पार्षद के 5393 पदों के लिए 20,000 से ज़्यादा उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। जिन 162 शहरी स्थानीय निकायों में चुनाव हो रहे हैं उनमें चार नगर निगम, 27 नगर परिषद और 131 नगरपालिकाएं शामिल हैं। अलवर शहर में एक मतदान केंद्र पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के काम नहीं करने पर मतदाताओं ने आपत्ति जताई।

सवाई माधोपुर और जोधपुर में भी ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण लंबी कतारे लग गईं। अधिकारियों के अनुसार 162 नगर निकायों में 7683 मतदान केंद्रों पर 57,52,278 मतदाता अपने मताधिकारों का इस्तेमाल सकेंगे। जयपुर जिले में 18 नगर निकायों के 565 मतदान केंद्रों पर मतदान हो रहा है।

जयपुर जिले में जिन निकायों में चुनाव हो रहे हैं उनमें मनोहरपुर, फुलेरा, सांभर, किशनगढ़-रेनवाल, शाहपुरा, दूदू, चाकसू, फागी, जोबनेर, खेजरोली, जमवारामगढ़, वाटिका, कानोता, बस्सी, बगरू, कालाडेरा और चौमूं शामिल हैं। राजस्थान के 309 शहरी स्थानीय निकायों के लिए मतदान दो चरणों में नौ और 11 सितंबर को कराया जा रहा है। वोटों की गिनती 14 सितंबर को होगी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़