Pune में IT कर्मचारी को ब्लैकमेल कर आत्महत्या के लिए उकसाने वाले दो आरोपी बिहार से गिरफ्तार

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

पुणे पुलिस ने 22 वर्षीय आईटी पेशेवर को आपत्तिजनक वीडियो और झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने के आरोप में पटना से दो युवकों को पकड़ा है। पीड़ित ने 1 अक्टूबर को खराड़ी इलाके में इमारत की 27वीं मंजिल से कूदकर खुदकुशी कर ली थी। आरोपियों ने फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर उससे 1.77 लाख रुपये वसूले थे।

पुणे में एक नामी आईटी कंपनी में काम करने वाले 22 वर्षीय कर्मचारी को सोशल मीडिया पर फर्जी खाते बनाकर ब्लैकमेल करने और उससे 1.77 लाख रुपये वसूलने के आरोप में बिहार से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। कर्मचारी ने कथित तौर पर ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर आत्महत्या कर ली थी।

पुलिस के अनुसार, मृतक शिखर कुमार गौरव सक्सेना खराड़ी इलाके में एक पीजी में रहता था। उसने एक अक्टूबर को इलाके की रिवरडेल सुइट सोसाइटी की 27वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी थी। उसके पिता कुमार गौरव ने 14 अक्टूबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।

उन्होंने आरोप लगाया कि खुद को अजयकुमार भाटिया बताने वाले एक व्यक्ति ने उनके बेटे को मादक पदार्थों की तस्करी के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी थी। आरोपी बार-बार फोन कर उससे पैसे मांगता था और उसे मानसिक रूप से परेशान करता था। पुलिस ने जांच के दौरान 21 अक्टूबर को पटना से आकाशकुमार संजय सिंह (18) और राजकुमार संपूर्ण आनंद सिंह (22) को गिरफ्तार किया।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के पास से सात मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और एक टैबलेट जब्त किए गए, जिनकी कुल कीमत 2.22 लाख रुपये है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने महिलाओं के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम खाते बनाए और उनके जरिए सक्सेना से संपर्क किया। बाद में उसे टेलीग्राम पर बातचीत करने के लिए राजी किया गया।

वीडियो कॉल के दौरान एक महिला का आपत्तिजनक वीडियो दिखाकर उसे रिकॉर्ड कर लिया गया। आरोप है कि इस रिकॉर्डिंग के जरिए सक्सेना को ब्लैकमेल किया गया और मादक पदार्थों की तस्करी के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी गई। पुलिस ने बताया कि उससे पांच अलग-अलग बैंक खातों में कुल 1.77 लाख रुपये जमा कराए गए।

इनमें से 1,14,498 रुपये की राशि के लेनदेन पर रोक लगा दी गई है। दोनों आरोपियों को पुणे की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 30 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस कथित तौर पर वसूली की रकम प्राप्त करने वाले पंजाब के लुधियाना निवासी अनिकेत गुप्ता और अरुणाचल प्रदेश के कृष्ण कुमार के साथ अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही है।

मामले की जांच खराड़ी थाने के वरिष्ठ निरीक्षक संजय चव्हाण कर रहे हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़