PM Modi रविवार को Chhattisgarh के बस्तर में सुरक्षाबलों संग मनाएंगे Diwali

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस साल दीपावली का त्योहार छत्तीसगढ़ के बस्तर में तैनात वीर सुरक्षाकर्मियों के साथ मनाएंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा कि वह जवानों के त्याग और सेवा को नमन करने जा रहे हैं। दशकों तक नक्सलवाद से प्रभावित रहा यह इलाका अब इस खतरे से मुक्त हो चुका है।

(फाइल फोटो के साथ) नयी दिल्ली, आठ नवंबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को छत्तीसगढ़ के बस्तर में सुरक्षाकर्मियों के साथ दिवाली मनाएंगे। बस्तर को कई दशकों तक नक्सलवाद के चंगुल में रहने के बाद अब इससे मुक्त करा लिया गया है। मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अपने वीर सुरक्षाबलों के साथ दिवाली मनाने के लिए बस्तर जा रहा हूं।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि बस्तर वह इलाका है, जहां कभी नक्सलियों का कहर था लेकिन अब वहां विकास की बहार है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपने वीर सुरक्षाकर्मियों के त्याग, निस्वार्थ सेवा और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण को नमन करने जा रहा हूं।’’ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और छत्तीसगढ़ पुलिस के जवानों को बस्तर में तैनात किया गया है। ये जवान नक्सलवाद विरोधी अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे हैं। सरकार ने इस साल 31 मार्च को घोषणा की थी कि कई नक्सलियों के मारे जाने तथा सैकड़ों अन्य के आत्मसमर्पण करने के बाद देश नक्सलवाद के खतरे से मुक्त हो गया है।

प्रधानमंत्री ने शनिवार को दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए कहा था कि पिछले साल की तरह इस बार भी वह देश के वीर जवानों के साथ यह त्योहार मनाएंगे। मोदी ने अपने सोशल मीडिया खातों पर साझा किए गए एक वीडियो संदेश में कहा था कि हर किसी की तरह वह भी दीपावली का त्योहार पूरे उत्साह के साथ मनाएंगे। उन्होंने कहा, ‘‘आप सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं।

मैं कामना करता हूं कि आने वाले दिनों में आप सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली आए। मैं भी आप सभी की तरह पूरे उत्साह के साथ दीपावली मनाता हूं।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि सभी जानते हैं कि वह हर साल देश के वीर जवानों के साथ दीपावली मनाते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘इस बार भी मैं यह परंपरा जारी रखूंगा।’’

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़