वाराणसी के Namo Ghat पर PM Narendra Modi ने देखा IAF Air Show, फाइटर जेट्स ने दिखाए हैरतअंगेज करतब

संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस पर नमो घाट पर आयोजित भव्य एयर शो देखा। इस दौरान सुखोई-30 एमकेआई, तेजस और सारंग हेलीकॉप्टर टीम ने आसमान में शानदार करतब दिखाए। कार्यक्रम से पहले प्रधानमंत्री ने मिर्जामुराद में वस्त्र निर्माण इकाई का भी उद्घाटन किया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के नमो घाट पहुंचे, जहां उन्होंने भारतीय वायुसेना के ‘एयर शो’ में आस्था और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत संगम देखा। वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इस ‘एयर शो’ के दौरान प्रधानमंत्री मोदी वायुसेना की टोपी पहने और काला चश्मा लगाए नजर आए। उनके साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद थे।
वायुसेना के अधिकारियों ने बताया कि एयर शो के दौरान तीन किरण विमानों ने अंग्रेजी के अक्षर ‘वी’ के आकार में उड़ान भरते हुए आसमान में तिरंगे के रंगों की छटा बिखेरी। वहीं, ‘ओंकार’ की आकृति बनाते हुए एमआई-17 हेलीकॉप्टर ने राष्ट्रीय ध्वज लेकर उड़ान भरी। प्रधानमंत्री मोदी वायुसेना के इस ‘एयर शो’ के तीसरे और अंतिम दिन के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नमो घाट पहुंचे।
उनके आगमन पर काशीवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। वायुसेना के अधिकारियों ने बताया कि हवाई प्रदर्शन में सुखोई-30 एमकेआई और स्वदेशी तेजस जैसे विमानों ने हिस्सा लिया। सूर्य किरण हवाई करतब दल ने आसमान में सटीक आकृतियां बनाकर और समन्वित उड़ान का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित किया जबकि सारंग हेलीकॉप्टर प्रदर्शन दल ने अपने हवाई करतबों से लोगों का मन मोह लिया।
‘एयर शो’ में शामिल होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी के मिर्जामुराद क्षेत्र में अरविंद लिमिटेड की नयी परिधान विनिर्माण इकाई का उद्घाटन किया। अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देना और भारत के वस्त्र एवं परिधान निर्माण क्षेत्र को मजबूती देना है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने 300 महिलाओं से संवाद भी किया।
अधिकारियों के अनुसार, नयी इकाई से विशेष रूप से महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ने और स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है। वैश्विक बाजारों से जुड़ाव के माध्यम से वाराणसी में निर्मित परिधानों को अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों तक पहुंचाने की दिशा में भी इस पहल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रधानमंत्री रविवार सुबह वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे।
वहां से हेलीकॉप्टर से मिर्जामुराद जाकर उन्होंने परिधान विनिर्माण इकाई का उद्घाटन किया। इसके बाद वह हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचे और वहां से सड़क मार्ग से नमो घाट गए। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक पदाधिकारी ने बताया कि पुलिस लाइन से नमो घाट जाते समय प्रधानमंत्री का मार्ग में जगह-जगह जोरदार स्वागत किया गया।
बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और काशीवासियों ने गुलाब की पंखुड़ियां बरसाकर, पारंपरिक वाद्ययंत्र बजाकर और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उनका अभिनंदन किया। सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों ने ‘हर हर महादेव’ और ‘जय श्री राम’ के जयकारे लगाकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया। मोदी ने भी इस दौरान वाहन के पायदान पर खड़े होकर हाथ हिलाते हुए लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
पदाधिकारी ने बताया कि पुलिस लाइन के मुख्य द्वार, पुलिस लाइन चौराहे, खजूरी-मकबूल आलम रोड पर यस बैंक के सामने, हुकुलगंज तिराहे, चौकाघाट लकड़ी मंडी, सिटी स्टेशन के सामने, गोलगड्डा चौराहा रेल अंडरपास और नमो घाट मोड़ स्थित सीएनजी केंद्र के सामने भाजपा कार्यकर्ताओं तथा काशीवासियों ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। ‘एयर शो’ देखने पहुंचे दिवाकर सिंह ने कहा, ‘‘आज काशी के लिए बहुत गर्व का दिन है। प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी में नमो घाट पर भारतीय वायुसेना का यह हवाई प्रदर्शन देखना हमारे लिए यादगार अनुभव है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘एक ओर बाबा विश्वनाथ की नगरी की आध्यात्मिकता और दूसरी ओर आसमान में राफेल तथा अन्य लड़ाकू विमानों का शौर्य देखकर सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है।
इस आयोजन से बच्चों और युवाओं में देश के प्रति सम्मान तथा राष्ट्रसेवा की भावना जागेगी।’’ एक अन्य दर्शक गोविंद पांडे ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में पहली बार इस तरह का ‘एयर शो’ देखा है। उन्होंने कहा कि काशीवासियों के लिए यह गर्व की बात है कि उन्हें ऐसा आयोजन देखने का अवसर मिला।
अन्य न्यूज़













